12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव में सभी से सहयोग की अपील

पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी गिरिधर देशमुख का आह्वान

अमरावती /दि.10 – 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी गिरिधर देशमुख ने जिले के सभी विधायक, तहसीलदार, बीडीओ, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तथा नगर परिषदों से योग दिवस महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग करने की अपील की है.
वरुड नगर परिषद के सांस्कृतिक भवन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए देशमुख ने कहा कि जिले के सभी तहसील कार्यालय, पंचायत समितियां, नगर परिषदें, विद्यालय एवं महाविद्यालय अपने कर्मचारियों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों तथा विद्यार्थियों की योग दिवस में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करें. उन्होंने कहा कि अब तक जिला क्रीड़ा अधिकारी और शिक्षा विभाग द्वारा मुख्य रूप से अमरावती शहर में ही योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जबकि जिले के सभी 14 तहसीलों में भी अमरावती शहर की तर्ज पर शासकीय स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी तहसीलदारों, नगर परिषदों के मुख्य अधिकारियों तथा बीडीओ को योग दिवस आयोजन संबंधी निर्देश जारी किए जाएं.
देशमुख ने बताया कि भारत स्वाभिमान, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत और किसान पंचायत के माध्यम से जिले में पिछले कई वर्षों से निःशुल्क योग अभियान चलाया जा रहा है. योग के माध्यम से जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के इस राष्ट्रीय अभियान में शासन और प्रशासन को भी सक्रिय सहयोग देना चाहिए. उन्होंने जिले के सभी विधायकों से भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि योग जनस्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, जिसे व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाना चाहिए.

Back to top button