एएसपी दत्ता तोटेवाड़ ने होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र का किया दौरा
परेड का निरीक्षण कर किया वृक्षारोपण

अमरावती/दि.6- अमरावती ग्रामीण के अपर पुलिस अधीक्षक एवं जिला समादेशक दत्ता तोटेवाड़ ने जिला होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र का दौरा कर महिला एवं पुरुष होमगार्ड जवानों से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया, जवानों का मार्गदर्शन किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया.
दौरे के दौरान प्रशिक्षण केंद्र में अनुशासित वातावरण में परेड का आयोजन किया गया. दत्ता तोटेवाड़ ने परेड का निरीक्षण करते हुए होमगार्ड जवानों की अनुशासनप्रियता, कार्यनिष्ठा और प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी की सराहना की. जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि होमगार्ड दल कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपदा प्रबंधन तथा नागरिकों की सुरक्षा में पुलिस प्रशासन का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है. उन्होंने सेवा भावना, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को हर जवान का सबसे बड़ा गुण बताते हुए इन मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सभी होमगार्ड समय-समय पर प्रशिक्षण लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक तैयारी और सामाजिक जिम्मेदारी को और अधिक मजबूत करें, ताकि किसी भी परिस्थिति में बेहतर ढंग से अपनी सेवाएं दे सकें. कार्यक्रम के दौरान दत्ता तोटेवाड़ ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रशिक्षण केंद्र परिसर में वृक्षारोपण किया. इसके बाद जिला कार्यालय की ओर से पुष्पगुच्छ देकर उनका सम्मान किया गया.
इस अवसर पर केंद्र नायक राम पिंजरकर, दीपक यवतकर, श्री राउत, श्री धवने, श्री रामटेके, पापडीकर, आसोले, गायकवाड, मंडाले, नदीम शेख, पुरीया, श्रीवास, सागर सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष होमगार्ड जवान उपस्थित रहे. कार्यक्रम के सफल आयोजन में अधिकारियों, कर्मचारियों और होमगार्ड जवानों ने सक्रिय योगदान दिया. दत्ता तोटेवाड़ के प्रेरणादायी मार्गदर्शन से उपस्थित जवानों में नया उत्साह देखने को मिला और सभी ने भविष्य में अधिक समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया.





