भातकुली में नए न्यायालय भवन के लिए 40 करोड़ रुपये मंजूर
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा न्यायिक परिसर

अमरावती/दि.6- अमरावती जिले के भातकुली तहसील के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत न्यायालय की नई स्वतंत्र इमारत के निर्माण हेतु 40 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है. इस मंजूरी का श्रेय विधायक रवि राणा द्वारा शासन स्तर पर किए गए लगातार प्रयासों और अनुवर्ती कार्रवाई को दिया जा रहा है.
वर्षों से भातकुली का न्यायालय किराये की इमारत में संचालित हो रहा था, जिसके कारण न्यायिक कार्यों में कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. पर्याप्त स्थान की कमी, वकीलों, पक्षकारों और आम नागरिकों को होने वाली असुविधा तथा आधुनिक सुविधाओं के अभाव को देखते हुए लंबे समय से स्वतंत्र न्यायालय भवन की मांग की जा रही थी. इसी मांग को लेकर विधायक रवि राणा ने संबंधित विभाग और राज्य सरकार के समक्ष लगातार पहल की. उनके प्रयासों के बाद भातकुली में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए न्यायालय भवन के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है. प्रस्तावित न्यायालय परिसर में न्यायालय कक्ष, न्यायाधीशों के कक्ष, वकीलों के लिए अलग सुविधाएं, अभिलेख कक्ष, प्रतीक्षालय, प्रशासनिक कार्यालय, वाहन पार्किंग तथा नागरिकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे न्यायालयीन कार्य अधिक सुगम, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगे.
इस परियोजना के पूरा होने से भातकुली तहसील के हजारों नागरिकों को न्यायिक सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा. साथ ही वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और पक्षकारों को आधुनिक एवं सुविधाजनक परिसर उपलब्ध होगा. विधायक रवि राणा ने कहा कि भातकुली तालुका के सर्वांगीण विकास के लिए बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और न्याय व्यवस्था जैसे सभी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं. न्यायालय की स्वतंत्र इमारत को मिली मंजूरी इसी विकास दृष्टि का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस निर्णय का भातकुली के नागरिकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने स्वागत करते हुए विधायक रवि राणा के प्रयासों की सराहना की है.





