जिला सामान्य अस्पताल के वार्ड की छत का हिस्सा गिरा
मरीज बाल-बाल बचा

अमरावती/दि.6- अमरावती के जिला सामान्य अस्पताल की जर्जर इमारत एक बार फिर चर्चा में है. शुक्रवार दोपहर अस्पताल के वार्ड नंबर 16 में इलाज के दौरान छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया. मलबा एक मरीज के सीने पर आ गिरा, लेकिन सौभाग्य से उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार, मंगरुल दस्तगीर निवासी 58 वर्षीय सुरेश सहारे वार्ड नंबर 16 में उपचाराधीन थे. इलाज के दौरान अचानक छत का प्लास्टर और स्लैब का हिस्सा टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा. घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. डॉक्टरों ने तुरंत मरीज की चिकित्सकीय जांच की, जिसमें किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण अस्पताल की इमारत की छत से पानी रिस रहा था. इससे स्लैब का एक हिस्सा कमजोर हो गया और अचानक टूटकर नीचे गिर गया. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी. इस घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों में भय का माहौल है. जिला सामान्य अस्पताल की जर्जर इमारत को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं. अब इस घटना ने मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं. स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सभी वार्डों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि अस्पताल प्रशासन मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई करता है.





