हत्या के मामले में फरार आरोपी कोे यवतमाल से दबोचा

अमरावती ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई

अमरावती/दि.6– अमरावती ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा ने हत्या के मामले में पिछले करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी को यवतमाल के इंदिरा नगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया, जहां वह अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ धर्म शिरसाठ (21), निवासी इब्राहिमपुर, तहसील भातकुली, जिला अमरावती के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, 9 जून को शिकायतकर्ता सुनील रमेश कांबले (40), निवासी उदापुर, तहसील भातकुली की शिकायत पर खोलापुर पुलिस थाने में बीएनएस की धाराओं 109, 352, 3(5) और 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिक जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के चचेरे भाई ने उससे 2 हजार रुपये उधार लिए थे और बदले में अपना मोबाइल फोन उसके पास गिरवी रखा था. घटना के दिन आरोपी मोबाइल वापस लेने शिकायतकर्ता के घर पहुंचा. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान सौरभ शिरसाठ ने शिकायतकर्ता के पेट में चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल शिकायतकर्ता की उपचार के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था. मामले की जांच के दौरान 4 जुलाई को स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस उपनिरीक्षक मूलचंद भांबुरकर और उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी यवतमाल के इंदिरा नगर क्षेत्र में अपने एक करीबी रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया. इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोलापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में की गई. अभियान में पुलिस उपनिरीक्षक मूलचंद भांबुरकर, अमलदार सुधीर बावने, मंगेश लकड़े, सचिन मसंगे, दिनेश कनोजिया, साइबर टीम के सागर धापड़, शिवा शिरसाठ तथा वाहन चालक हर्षद घुसे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button