अंजनसिंगी में कुएं में मिला 18 वर्षीय युवक का शव

दो दिन से था लापता, खेत में पानी निकालते समय मजदूरों को दिखा शव

अंजनसिंगी/दि.8- अंजनसिंगी के वार्ड नंबर चार में रहने वाले खेतिहर मजदूर गजानन सहारे के 18 वर्षीय बेटे आकाश सहारे का शव सोमवार, 7 सितंबर को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में स्थित कुएं में मिला. आकाश 5 सितंबर की शाम करीब 4.30 से 5 बजे के बीच घर से लापता हुआ था. दो दिन तक तलाश के बाद उसका शव कुएं में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई.
गजानन सहारे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सभी मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. आकाश भी बकरियां चराने के साथ मजदूरी करता था. 5 सितंबर को घर से निकलने के बाद आकाश वापस नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इसी बीच 7 सितंबर को किसान हरिभाऊ ठाणेकर के खेत में मजदूर कुएं से पानी निकालकर फसलों में स्प्रे करने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें पानी में आकाश का शव तैरता दिखाई दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धामणगांव रेलवे ग्रामीण अस्पताल भेज दिया. आकाश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा. घटना की खबर फैलते ही अंजनसिंगी गांव में शोक और चिंता का माहौल है.

Back to top button