2047 तक कांग्रेस और उबाठा सेना पार्टियां घर बैठेंगी

बावनकुले ने जताई भविष्यवाणी

* पॉलिसी बदलने का आवाहन
* बंगाल विजय पर गदगद
नागपुर /दि.5- पश्चिम बंगाल समेत असम और पुडुचेरी में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है. इतना ही नहीं, विपक्ष को घेरने का मौका भी भाजपा नेताओं को मिला है. राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार सुबह राज्य के विपक्षी दल 2047 तक घर बैठेंगे, ऐसा बयान दिया. उन्होंने खासकर कांग्रेस और शिवसेना उबाठा को अपनी नीति रीति बदलने का आवाहन किया. चेतावनी दी. कह दिया कि, अब भी यह पार्टियां नहीं बदली तो इन्हें घर बैठना पडेगा.
राजस्व मंत्री और नागपुर व अमरावती जिलों के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले आज, मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे मुंबई के लिए रवाना होने से पहले नागपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात कर रहे थे. वे बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व जीत पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने विकास को वोट देकर ममता बैनर्जी की ‘थर्ड डिग्री’ राजनीति को खत्म कर दिया. देश की जनता विकास के पक्ष में है. महाराष्ट्र के विपक्ष को इससे सबक लेना चाहिए. खासकर कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना को अब अपने दल में सुधार करना चाहिए, अन्यथा ये पार्टियां 2047 तक घर बैठेंगी. महाराष्ट्र की जनता भी अब विकास के पक्ष में है, ऐसा उन्होंने कहा.
इस दौरान उन्होंने बंगाल की जीत का कारण भी बताया. बंगाल में ममता बैनर्जी के शासन में कई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई. इसलिए वहां की जनता भी सुशासन चाहती थी. इसका असर वोटिंग में दिखाई दिया, ऐसा उन्होंने कहा. इस मौके पर उन्होंने पुणे जिले के नरसापुर में अत्याचार पीड़ित बच्ची के हत्यारे को फांसी दिलाने के लिए सरकार प्रयास करेगी और परिवार को न्याय दिलाया जाएगा, ऐसा भी बताया.
* ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जनता का समर्थन’
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का प्रत्यक्ष रूप पश्चिम बंगाल की अभूतपूर्व जीत में दिखाई देता है. प्रखर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की विचारधारा के कारण वहां परिवर्तन की नई दिशा मिली है, ऐसा सोमवार को जीत का जश्न मनाते हुए बावनकुले ने कहा था. 370 धारा हो या राष्ट्रवाद का मुद्दा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दूरदृष्टि ने आज देश और पार्टी को अभूतपूर्व सफलता दिलाई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 के विकसित भारत का सपना सामने रखकर देश को दिशा दी है और उसी मार्ग को पश्चिम बंगाल की जनता ने समर्थन दिया है. भयमुक्त और सुरक्षित बंगाल के नारे को स्वीकारते हुए जनता ने भाजपा के परिवर्तन के प्रयासों का साथ दिया. गृह मंत्री अमित शाह की मजबूत राजनीतिक रणनीति की भी यह जीत है, ऐसा बावनकुले ने कहा.
असम में हिमंता बिस्वा शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार पर जनता ने फिर विश्वास जताया, जबकि पुडुचेरी में भी एनडीए को स्पष्ट बहुमत देकर विकासमुखी नेतृत्व को समर्थन दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, अमित शाह का मार्गदर्शन और संगठन की एकजुटता से कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के कारण यह ऐतिहासिक जीत संभव हुई है. अब देश के विकास को और गति मिलेगी, ऐसा भी उन्होंने कहा.

Back to top button