2026-27 शैक्षणिक सत्र का कैलेंडर जारी
128 दिन रहेंगी छुट्टियां, 237 दिन होगी पढ़ाई

अमरावती /दि.29- जिला परिषद के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए जिले के सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सैनिक स्कूलों तथा जूनियर कॉलेजों का अवकाश एवं कार्य दिवसों का आधिकारिक कैलेंडर जारी कर दिया है. इसके अनुसार, पूरे शैक्षणिक वर्ष में 237 कार्य दिवस होंगे, जबकि 128 दिन अवकाश रहेगा.
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 30 जून से होगी. पहला सत्र 30 जून से 4 नवंबर तक चलेगा, जिसमें 102 कार्य दिवस होंगे. इसके बाद 5 नवंबर से 20 नवंबर तक 13 दिन का दिवाली अवकाश रहेगा. दूसरा सत्र 21 नवंबर से शुरू होकर 30 अप्रैल 2027 तक चलेगा, जिसमें 126 कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं. 30 अप्रैल 2027 शैक्षणिक वर्ष का अंतिम कार्य दिवस होगा.
* अवकाश का विवरण
– गर्मी की छुट्टियां: 36 दिन,
– दिवाली अवकाश: 13 दिन
– रविवार: 52 दिन
– सार्वजनिक अवकाश: 29 दिन
– कुल अवकाश: 128 दिन
– इसके अलावा आयुक्त एवं विद्यालय प्राचार्य के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विशेष अवकाश भी नियमानुसार लागू किए जा सकेंगे.
* गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों पर लागू नहीं होगी लंबी छुट्टी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों को छोड़कर गैर-शिक्षकीय कर्मचारी, प्रयोगशाला सहायक और परिचारकों पर लंबी छुट्टियों का प्रावधान लागू नहीं होगा. साथ ही 1 मई 2027 को सभी विद्यालयों में महाराष्ट्र दिवस मनाना अनिवार्य रहेगा. इस दिन प्राचार्य, शिक्षक, गैर-शिक्षकीय कर्मचारी और विद्यार्थियों की उपस्थिति आवश्यक होगी.
* त्योहारों के अनुसार अवकाश में बदलाव की सुविधा
यदि कोई विद्यालय गणेशोत्सव या क्रिसमस जैसे स्थानीय त्योहारों के लिए अतिरिक्त अवकाश देना चाहता है, तो वह गर्मी या दिवाली की छुट्टियों में आवश्यक कटौती कर शिक्षा अधिकारी की पूर्व अनुमति से अवकाश का समायोजन कर सकेगा. वहीं, उर्दू माध्यम के विद्यालयों को प्राचार्य के अधिकार वाले तीन विशेष अवकाश अपने धार्मिक त्योहारों के लिए उपयोग करने की अनुमति दी गई