कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो गंभीर
भीषण हादसे में एक युवक का पैर धड़ से हुआ अलग

चिखलदरा मेडिकल सुपरिटेंडेंट की कार शामिल
धारणी/दि.7 – धारणी-खंडवा मार्ग पर जसवाड़ी टोल नाके के समीप सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा कार और सामने से आ रही बाइक के बीच जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक युवक का पैर शरीर से पूरी तरह अलग हो गया. घायलों की पहचान मध्यप्रदेश के कोदल निवासी किशोर पांचाल (52) और मुकेश पांचाल (48) है. हादसे में मुकेश पांचाल का एक पैर धड़ से अलग हो गया, जबकि किशोर पांचाल के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
जानकारी के मुताबिक चिखलदरा उपजिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दयाराम जावरकर हुंडई क्रेटा कार क्रमांक एमएच-27/ डीई-7572 से यात्रा कर रहे थे. इसी दौरान जसवाड़ी टोल नाके के पास सामने से आ रही बाइक से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल खंडवा के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. फिलहाल घायलों की हालत को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.





