भूतेश्वर चौक-स्मशान भूमि सडक का घटिया निर्माण प्रकरण
यश खोडके ने ठेकेदार हेडा के उमेठे कान

* नये सिरे से खोदकर पूरी सडक बनाने की मांग
* ऑन स्पॉट जाकर लिया जायजा, ठेकेदार को कडी ताकीद दी
अमरावती/दि.17 – भूतेश्वर चौक-हिंदू स्मशान संस्था सडक निर्माण में घटिया काम करने वाले ठेकेदार को आज राष्ट्रवादी के युवा नेता यश संजय खोडके ने जमकर फाइल पर लिया. मनपा और अन्य विभाग के इंजिनीयर्स को भी ऑन स्पॉट बुलाकर गुणवत्ताहीन सडक निर्माण की ओर ध्यान दिलाया. ठेकेदार को खरी खोटी सुनाते हुए यश खोडके ने कडी ताकीद देने के साथ सडक के नये सिरे से निर्माण की मांग रखी. निर्देश दिये.
उल्लेखनीय है कि, मनपा विपक्ष के नेता विलास इंगोले ने सर्वप्रथम इस सडक के घटिया निर्माण का विषय उपस्थित किया था. इंगोले ने शहर अभियंता रवींद्र पवार को मौके पर बुलाकर क्षेत्र के लोगों की शिकयतों पर ध्यान दिलाया था. सडक एक माह में ही उखड गई थी और वहां से आने-जाने वालों को परेशानी हो रही थी. हिंदूस्मशान संस्था होने से रोज ही पार्थिव लेकर लोगों को इस सडक से होकर जाना पडता है.
विधायक संजय खोडके के निर्देश पर युवा नेता यश खोडके ने आज दोपहर उक्त स्पॉट पर जाकर संपूर्ण सडक निर्माण का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने देखा कि, सचमुच सडक निर्माण में खामी है. जगह-जगह सडक उखड रही है. अभी तो बरसात का सीजन दूर है. ऐसे में यश संजय खोडके ने ठेकेदार अजय हेडा को तलब किया. उन्हें सडक का घटिया निर्माण दिखाया. कडी ताकीद की. खरी-खोटी सुनाई. जन शिकायतों के मद्देनजर सडक के दोबारा नये सिरे से निर्माण के निर्देश दिये. इस बार क्वॉलिटी पर पूरा ध्यान रखने की सख्त ताकीद की. यश खोडके द्वारा ऑन स्पॉट जाकर अवलोकन करने और ठेकेदार को सडक दोबारा बनाने के निर्देश दिये जाने से परिसर के लोगों ने संतोष व्यक्त किया. अब उनका यहीं कहना है कि, नवनिर्माण बरसाती सीजन से पहले हो जाये तो बेहतर रहेगा.
यह भी बता दें कि, यह महत्वपूर्ण सडक है. अमरावती में अधिकांश पार्थिव का दाहसंस्कार इसी मार्ग के सिरे पर स्थित मोक्षधाम में होता है. अत: यहां पार्थिव लाने के साथ सैकडों लोग नित्य आते हैं. उसी सडक के निर्माण में घटिया काम की आलोचना हो रही थी. ऐसे में युवा नेता यश खोडके ने पहल कर तत्काल सडक दोबारा बनाने के निर्देश दिये हैं.





