डी-मार्ट की सॉफ्टी में जिंदा कीड़ा मिलने का दावा!

एफडीए में शिकायत, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

* नागपुर के बहादुरा स्थित डी-मार्ट का मामला, मनसे ने उठाए खाद्य सुरक्षा पर सवाल
नागपुर/दि.29- नागपुर के बहादुरा स्थित डी-मार्ट में बिक रही सॉफ्टी (आइसक्रीम) में जिंदा कीड़ा मिलने के दावे से शहर में खलबली मच गई है. इस मामले को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
* सॉफ्टी के कोन में मिला जिंदा कीड़ा होने का दावा
जानकारी के अनुसार मनसे के नागपुर शहराध्यक्ष विशाल बडगे 26 जुलाई को बहादुरा स्थित डी-मार्ट में खरीदारी करने गए थे. इसी दौरान उन्होंने वहां से सॉफ्टी खरीदी. आरोप है कि सॉफ्टी खाने के दौरान जब कोन के निचले हिस्से को तोड़ा गया, तब उसमें एक जिंदा कीड़ा दिखाई दिया. इस घटना के बाद संबंधित सॉफ्टी की जांच कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई.
* एफडीए में दर्ज हुई आधिकारिक शिकायत
घटना के बाद मनसे पदाधिकारियों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन के ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया है कि खाद्य पदार्थ में इस प्रकार की कथित लापरवाही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है और इसकी तत्काल जांच आवश्यक है.
* बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता
मनसे ने अपनी शिकायत में कहा है कि सॉफ्टी और आइसक्रीम का सबसे अधिक सेवन बच्चे करते हैं. ऐसे में यदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर लापरवाही बरती जा रही है तो यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
* विशेष जांच अभियान चलाने की मांग
मनसे ने केवल डी-मार्ट तक ही कार्रवाई सीमित न रखने की मांग की है. संगठन का कहना है कि शहर के सभी मॉल, फूड कोर्ट, आइसक्रीम पार्लर और खाद्य पदार्थ विक्रय केंद्रों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके.
* एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे से हस्तक्षेप की मांग
मनसे नेताओं ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर सॉफ्टी मशीन, खाद्य सामग्री और गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है.
* कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मनसे ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उपभोक्ताओं के हित में जनआंदोलन शुरू करेगा. संगठन का कहना है कि ग्राहकों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
* डी-मार्ट की प्रतिक्रिया का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक डी-मार्ट प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. वहीं, एफडीए द्वारा शिकायत की जांच शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सॉफ्टी में कीड़ा मिलने का दावा सही है या नहीं.

Back to top button