एमआईडीसी में नहीं चलेंगे क्लब, लॉन, फार्म हाउस
उद्योग मंत्री उदय सामंत के कडे निर्देश

* गोदामों पर भी होगी एक्शन
* खुले प्लॉट नए उद्यमियों को देने कहा
वर्धा/दि.31 – प्रदेश के उद्योग और तकनीकी मंत्री उदय सामंत ने महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम अर्थात एमआईडीसी के प्लॉट लेकर वहां क्लब, लॉन, गोदाम और फार्म हाउस बना लेने वालों पर एक्शन के निर्देश दिए हैं. यहां एमआईडीसी अधिकारियों के संग बैठक में उद्योग मंत्री ने नए उद्यमियों के एमआईडीसी के प्लॉट अलॉट करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि, उद्योग के नाम पर प्लॉट हथियाना और उस पर अन्य कुछ करना अब नहीं चलेगा. जरुरतमंद उद्योजकों को प्लॉट से वंचित नहीं रखा जाएगा.
* तय होगी प्लॉट की श्रेणी
उद्योग मंत्री ने स्पष्ट कहा कि, एमआईडीसी का प्लॉट बाजार मूल्य से कम कीमत पर और लीज पर दिया जाता है, ताकि उद्यम स्थापित हो, रोजगार के अवसर बढे. किंतु देखा गया है कि, कुछ लोग प्लॉट पर अधिकार कर लेते हैं, किंतु कोई उद्योग नहीं लगाते. अब औद्योगिक विकास को गति देने प्लॉट का उपयोग बढाया जाएगा. प्लॉट लेकर उद्योग शुरु न करनेवाले उद्यमियों की विस्तृत जानकारी लेकर प्लॉट की ए, बी और सी श्रेणी तय होगी. उद्योग शुरु रहनेवाले प्लॉट को ए, बंद को बी और उद्योग ही शुरु न करनेवाले प्लॉट को सी श्रेणी दी जाएगी. एमआईडीसी के खुले प्लॉट नए उद्यमियों को दिए जाने की बात मंत्री उदय सामंत ने कही.
* वर्धा जिले की औद्योगिक स्थिति पर विमर्श
जिलाधिकारी कार्यालय में डॉ. उदय सामंत ने पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर की उपस्थिति में उद्योग, एमआईडीसी, सीएमईजीपी योजना की समीक्षा की. इस समय जिलाधिकारी वान्मथी सी., नागपुर विभाग उद्योग सह आयुक्त शिवकुमार मुद्दमवार, एमआईडीसी संगठन के अध्यक्ष प्रवीण हिवरे, जिला उद्योग के सहायक आयुक्त सुनील हजारे उपस्थित थे.





