अमरावती में कांग्रेस का बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
मतदाता सूची की निगरानी पर जोर

अमरावती/दि.4- महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान के तहत शनिवार को अमरावती स्थित कांग्रेस भवन में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ. कार्यक्रम में अमरावती और तिवसा विधानसभा क्षेत्रों के नियुक्त बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण और मतदाताओं के अधिकारों के संरक्षण संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण में प्रदेश कांग्रेस की ओर से अक्षय राऊत और निखिल रांजणकर ने मार्गदर्शन करते हुए नए मतदाताओं के पंजीकरण, पात्र मतदाताओं के नाम सूची से न हटने देने, त्रुटियों के सुधार, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड अपडेट करने तथा बूथ स्तर पर मतदाता सूची की बारीकी से जांच करने की प्रक्रिया समझाई. साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर लोकतांत्रिक तरीके से कार्य करने पर भी जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से हटने नहीं दिया जाएगा. इसके लिए कांग्रेस पार्टी प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहेगी तथा बीएलए-2 की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और आवश्यकता पड़ने पर चुनाव आयोग के समक्ष मामलों का प्रभावी ढंग से पालन करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में पूर्व पालकमंत्री यशोमती ठाकुर, पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख, अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत, मनपा के विपक्ष नेता विलास इंगोले, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, प्रदेश उपाध्यक्ष भैय्या पवार, प्रदेश सचिव हाजी नजीर खान बी.के., प्रदेश सचिव आसिफ तवक्कल, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष मुक्कद्दर पठान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखड़े, नगरसेवक अनिल अग्रवाल सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने, पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में सभी बीएलए-2 कार्यकर्ताओं ने मेरा मतदाता-मेरी जिम्मेदारी की भावना के साथ प्रत्येक बूथ पर प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का आयोजन अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत के नेतृत्व में किया गया.





