एकनाथ शिंदे की चार्टर्ड फ्लाइट यात्रा पर विवाद
विपक्ष के निशाने पर सरकार

नागपुर /दि.22– देश में ईंधन बचत और सरकारी खर्चों में कटौती को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगातार संदेश दिए जा रहे हैं. इसी बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की चार्टर्ड विमान यात्रा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है.
जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री शिंदे बुधवार को नागपुर दौरे पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई से नागपुर तक निजी चार्टर्ड विमान का इस्तेमाल किया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे उसी विमान से वापस मुंबई लौट गए.
इस यात्रा को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है. एक ओर मुख्यमंत्री द्वारा ईंधन बचत का संदेश देते हुए सादगीपूर्ण यात्रा की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री की लक्जरी यात्रा पर सवाल उठ रहे हैं. विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने के संकेत दिए हैं. उनका कहना है कि जब आम जनता महंगे पेट्रोल-डीजल और कमी की समस्या से जूझ रही है, तब जनप्रतिनिधियों को फिजूलखर्ची से बचना चाहिए. इस मामले के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है.





