कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया रहाटकर का कथन

* एक माह में ‘पॉश’ समितियों के गठन के निर्देश
* महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
अमरावती /दि.4– कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना सभी सरकारी विभागों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. साथ ही सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचना चाहिए. यह बात राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने शुक्रवार को अमरावती के राजस्व भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कही.
बैठक में महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई. इस दौरान विजया रहाटकर ने सभी सरकारी विभागों को एक महीने के भीतर अपने कार्यालयों में ‘पॉश’ (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम) समिति गठित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि समितियों के गठन के बाद उसकी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाए.
बैठक में संभागीय आयुक्त नयना गुंडे, अमरावती के जिलाधिकारी आशिष येरेकर, यवतमाल के जिलाधिकारी विकास मीना, बुलढाणा के जिलाधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार देवरे, वाशिम के जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी, मुख्य वन संरक्षक ज्योती बनर्जी, वन संरक्षक अर्जुना के. आर. सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में पीड़िताओं को त्वरित और संवेदनशील तरीके से न्याय मिलना चाहिए. इसके लिए प्रशासन सभी संबंधित समितियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दे तथा अगले चार महीनों का सुनियोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार कर उसे लागू करे.
उन्होंने संकटग्रस्त एवं पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने वाली वन स्टॉप सेंटर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा वहां दी जा रही सेवाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए. राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए और उन्हें जिले की एक अलग पहचान एवं ब्रांड के रूप में विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं.





