क्रेडाई के पुरस्कार आज होंगे घोषित और वितरीत ‘’

शहर में इस वर्ष बेस्ट प्रोजेक्ट कौन से, फैसला आज

अमरावती /दि.9– गुणवत्तापूर्ण निर्माण, आकर्षक वास्तुरचना और आधुनिक तकनीक के बेहतर समन्वय वाले शहर के उत्कृष्ट प्रकल्प को सम्मानित करने वाले ‘श्रेष्ठ भवन पुरस्कार-2026’ के विजेता का फैसला 9 अक्तूबर को होगा. क्रेडाई की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शामिल 19 प्रकल्पों का विशेषज्ञ निर्णायकों ने प्रत्यक्ष निरीक्षण पूरा कर लिया है. शुक्रवार को होनेवाले पुरस्कार समारोह में विजेता की नाम की घोषणा की जाएगी.
इंजीनियर्स डे के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होनेवाली इस प्रतियोगिता में इस वर्ष आवासीय इमारतों, पंक्तिबध्द मकानों तथा व्यावसायिक प्रकल्पों को शामिल किया गया है. निर्माण की गुणवत्ता, वास्तुरचना प्रकल्प का नियोजन, उपलब्ध स्थान का प्रभावी उपयोग, नवीन संकल्पना तथा प्रकल्प की विशेषताओं के आधार पर मूल्यांकन किया गया. गत 29 सितंबर को निर्णायकों प्रा. आर्किटेक्ट राम विघे (अमरावती), आर्किटेक्ट समीर कुलकर्णी (नाशिक) तथा प्रा. आर्किटेक्ट अनुपम चवाट (मुंबई) ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 19 प्रकल्पों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया.
मान्यवरों की उपस्थिति में पुरस्कार प्रदान
आज शुक्रवार 9 अक्तूबर को शाम 7 बजे ग्रैंड महफिल इन के रूबी हाल में मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के रिजनल मैनेजर महेश डांगे के आतिथ्य में पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे. निरीक्षक दल के आर्कीटेक्ट राम विघे, आर्किटेक्ट अनुपम चवाट, आर्किटेक्ट समीर कुलकर्णी उपस्थित रहेंगे. क्रेडाई अमरावती अध्यक्ष राजन पाटिल, सचिव श्रीकांत धर्माले और कार्यकारिणी सक्रिय है. स्पर्धा का संयोजन अनिल विखे और सह संयोजन आशीष दूधे ने संभाला.

Back to top button