बैंक खाता और सिम लेकर साइबर ठगी

युवक के खाते में 4.68 लाख रुपये की संदिग्ध ट्रांजैक्शन

अमरावती/दि.17 – प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक से बैंक खाता, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड लेकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायतकर्ता नांदगांव खंडेश्वर तहसील के हिवरा बु. ग्राम निवासी सागर कृष्णा शेंडे (24) ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात सुमित तांदुलकर और रोहण वैद्य नामक दो युवकों से हुई थी. उन्होंने खुद को शेयर बाजार में काम करने वाला बताते हुए कहा कि उनके बैंक खातों की लेनदेन सीमा पूरी हो चुकी है, इसलिए उन्हें एक नए बैंक खाते की जरूरत है. बदले में पैसे देने का लालच देकर उन्होंने शिकायतकर्ता से उसका बैंक ऑफ महाराष्ट्र का खाता, एटीएम कार्ड और उससे जुड़ा सिम कार्ड ले लिया. कुछ समय बाद जब सागर शेंडे ने रेलवे ग्रुप-डी भर्ती का फॉर्म भरने के लिए अपना सिम कार्ड वापस मांगा तो आरोपियों ने टालमटोल करते हुए बताया कि सिम कार्ड खो गया है. इसके बाद शिकायतकर्ता ने उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम निकलवा लिया. बाद में उसे बैंक खाते पर होल्ड लगाए जाने का संदेश मिला. बैंक पहुंचने पर पता चला कि उसके खाते का उपयोग 4 लाख 68 हजार 437 रुपए 23 पैसे के साइबर फ्रॉड में किया गया है, जिसके कारण खाता फ्रीज कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड का कथित रूप से धोखाधड़ी के उद्देश्य से उपयोग किया. साइबर पुलिस ने सागर शेंडे की शिकायत पर सुमित तांदुलकर और रोहण वैद्य के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button