शादी में डीजे विवाद ने लिया खूनी रूप
दो भाइयों पर जानलेवा हमला, एक की मौत

* अचलपुर थाना क्षेत्र की घटना
परतवाड़ा/दि.20 – परतवाड़ा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचते समय हुए मामूली विवाद ने सोमवार शाम खूनी रूप ले लिया. अचलपुर-चांदूरबाजार मार्ग पर 10 से 12 लोगों के एक गिरोह ने दो सगे भाइयों को बीच सड़क पर रोककर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया. इस हमले में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक का नाम मोर्शी निवासी राजेश सिंह बावरी (28) बताया गया है. वहीं उसका भाई पापड ग्राम निवासी अशोक उर्फ गोलू सिंह बावरी (32) गंभीर रूप से घायल है. अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
* डीजे पर धक्का-मुक्की बनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार, परतवाड़ा में संतोष सिंह भोंड की बेटी की शादी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. शादी में डीजे पर नाचते समय कुछ युवकों के बीच मामूली धक्का-मुक्की हो गई थी. मामला बढ़ते-बढ़ते परतवाड़ा पुलिस थाने तक पहुंच गया था. हालांकि पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और मामला शांत माना जा रहा था.
* पीछा कर बीच सड़क पर किया हमला
समझौते के बाद सोमवार शाम राजेश और अशोक दोनों भाई बाइक से परतवाड़ा से मोर्शी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अचलपुर नाके के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी बाइक का पीछा किया और बीच सड़क पर रोक लिया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सबसे पहले राजेश के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार किया. राजेश के जमीन पर गिरते ही 10 से 12 लोगों के गिरोह ने उस पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया. भाई को बचाने के लिए बीच में आए अशोक उर्फ गोलू पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
* देसी कट्टे से फायरिंग का भी शक
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान आरोपियों द्वारा देसी कट्टे से फायरिंग किए जाने का भी संदेह जताया जा रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
* इलाज के दौरान राजेश की मौत
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. खून से लथपथ दोनों भाइयों को पहले अचलपुर उपजिला अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें अमरावती जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान देर रात राजेश सिंह बावरी की मौत हो गई, जबकि अशोक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
* अस्पताल परिसर में तनाव
युवक की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल परिसर में परिजनों और समाज के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया था.
* पुलिस जांच तेज
घटना के बाद परतवाड़ा पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.





