महावितरण जनता की सेवा करती है या परेशानी?

अनियमित बिजली आपूर्ति

खुले ट्रांसफॉर्मर और कर्मचारियों की मनमानी पर विधायक साजिद पठाण नाराज
तीन घंटे तक अधिकारियों की ली क्लास
अकोला /दि.21- शहर में बढ़ती बिजली समस्याओं से नागरिक परेशान हैं, वहीं महावितरण का लापरवाह कामकाज एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है. बार-बार बाधित होने वाली बिजली आपूर्ति, अघोषित लोडशेडिंग, खुले में पड़े खतरनाक ट्रांसफॉर्मर, साथ ही शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा की जा रही अनदेखी से नाराज पश्चिम अकोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक साजिद खान पठाण ने मंगलवार को महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों की करीब तीन घंटे तक जमकर क्लास ली. जनता को सुविधा देने के बजाय क्या परेशान करने का काम शुरू है? ऐसा सीधा सवाल करते हुए विधायक पठाण ने अधिकारियों से जवाब मांगा.
महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक के कक्ष में आयोजित इस बैठक में अधीक्षक अभियंता प्रतीक्षा शंभरकर, कार्यकारी अभियंता हेमंत पावडे, कांग्रेस के नगरसेवक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे. बैठक में शहर के विभिन्न हिस्सों की बिजली समस्याओं का मानो पूरा ब्यौरा ही पढ़ा गया. कई इलाकों में दिन में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से नागरिकों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है. व्यापारियों, विद्यार्थियों, लघु उद्यमियों और आम नागरिकों को इसका बड़ा नुकसान हो रहा है, यह बात बैठक में सामने रखी गई.
बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा खुले में पड़े ट्रांसफॉर्मरों का रहा. शहर के कई हिस्सों में बिना सुरक्षा व्यवस्था वाले ट्रांसफॉर्मर नागरिकों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, यह बात नगरसेवकों ने उठाई. छोटे बच्चों और नागरिकों की जान खतरे में होने के बावजूद महावितरण कब जागेगा? ऐसा नाराजगी भरा सवाल उठाया गया. मामूली दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं और भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होने पर उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, यह सवाल भी पूछा गया.
इसके अलावा नागरिक शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचने के बाद भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की शिकायतों से बैठक का माहौल गरमा गया. कुछ कर्मचारियों द्वारा नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अभद्र भाषा में बात किए जाने के आरोप भी लगाए गए. इस प्रकार पर विधायक पठाण ने तीखी नाराजगी जताते हुए कहा, महावितरण के अधिकारी और कर्मचारी जनता के पैसों पर काम करते हैं, इसलिए जनता के साथ अभद्रता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक के दौरान कई प्रभागों के लंबित कामों पर भी चर्चा हुई. खराब ट्रांसफॉर्मर बदलना, तारों की मरम्मत, कम वोल्टेज की समस्या, बार-बार बंद होने वाली लाइनों और शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए तत्काल उपाय करने के निर्देश विधायक पठाण ने दिए. एक सप्ताह के भीतर स्थिति में सुधार दिखाई नहीं दिया तो नागरिकों को साथ लेकर तीव्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, ऐसी चेतावनी भी उन्होंने अधिकारियों को दी.
इस दौरान बैठक में उपस्थित नगरसेवकों और पदाधिकारियों ने भी महावितरण के कामकाज पर तीखी नाराजगी व्यक्त की. शहर में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार समस्याएं पैदा हो रही हैं, जबकि प्रशासन केवल आश्वासनों की बारिश कर रहा है, ऐसा आरोप लगाया गया. इस बैठक में महेंद्र गवई, मो. इरफान, आजाद खान, फजलू पहलवान, याकूब पहलवान, अफसर कुरैशी, गुड्डू पठाण, आकाश कवडे, मोइन खान, आर्किटेक्ट सोहेल खान, हुसैन चौधरी, शेख अब्दुल्ला, आसिफ खान, मो. शारिक, शेख साजिद, शेख नवेद, अंकुश पाटील, राहुल सरवान, अभिजीत तवर, विजय जामनिक, सैय्यद अहमद सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

Back to top button