पाध्ये परिवार ने भारतीय सेना को दिए 1 करोड़ रुपये

पेश की देशसेवा की मिसाल

अकोला /दि.21– अकोला के प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्थान पाध्ये एजुकेशन के संचालक मुकुंद पाध्ये ने भारतीय सेना के सेंट्रल वेलफेयर फंड में 1 करोड़ रुपये का योगदान देकर सामाजिक प्रतिबद्धता और देशसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया है.
मुकुंद पाध्ये में शुरू से ही देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना रही है. वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान भी उन्होंने अपनी एक बैच की पूरी फीस, लगभग 1 लाख रुपये, सैनिक कल्याण के लिए दान कर दी थी. उस समय एक शिक्षक द्वारा किया गया यह योगदान पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना था. अब करीब 26 वर्षों बाद उन्होंने फिर उसी जज्बे के साथ भारतीय सेना के लिए 1 करोड़ रुपये की सहायता देकर समाज के सामने एक नई मिसाल कायम की है.
* मेजर जनरल विशाल अग्रवाल को सौंपा चेक
पाध्ये परिवार की ओर से भारतीय सेना के मेजर जनरल विशाल अग्रवाल को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया. यह राशि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए उपयोग में लाई जाएगी. इस अवसर पर आकाश पाध्ये, ओमकार पाध्ये सहित पाध्ये परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे. पाध्ये परिवार की इस पहल की सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में सराहना की जा रही है. उनकी यह पहल समाज में देशसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाली मानी जा रही है.

Back to top button