लाइव कन्सर्ट में ड्रग्ज का ओवरडोज, दो की मौत
मुंबई में सनसनीखेज घटना

मुंबई /दि.14- देर से प्राप्त समाचार के अनुसार शनिवार रात महानगरी मुंबई में लाइव कन्सर्ट दौरान नशीली दवाओं का अधिक सेवन हो जाने से अनेक युवक-युवतियों की जान पर बन आयी. एक युवती सहित दो व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने का भयानक समाचार मिला है. वनराई पुलिस ने एनडीपीएस धारा के तहत अपराध दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है. वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कडी कार्रवाई और सघन जांच के आदेश दिये हैं.
सूत्रों ने बताया कि, गोरेगांव के नोस्को में एक लाइव कन्सर्ट का आयोजन किया गया था. बडी संख्या में युवक-युवती पहुंचे थे. एमडी ड्रग्ज का अतिसेवन होने के कारण कुछ युवाओं की तबीयत बिगड गई. उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती किया गया. दो युवाओं की मौत हो गई. उनमें एक युवती होने की जानकारी है. पुलिस उपायुक्त महेश चिमटे और निरीक्षक गिरीश बने द्वारा आगे जांच किये जाने की खबर मिल रही है.





