विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बबलू शेखावत का कथन

* मनपा स्कूलों में विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म व शैक्षणिक सामग्री का वितरण
* जिलाधिकारी आशीष येरेकर रहे प्रमुख रुप से उपस्थित
अमरावती /दि.30– चपरासीपुरा स्थित महानगरपालिका स्कूल क्रमांक 13 (मराठी) और मनपा स्कूल क्रमांक 6 (उर्दू) में विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म और शैक्षणिक सामग्री वितरित करने का कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष येरेकर के हाथों विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की गई. इस अवसर पर नगरसेवक एवं अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत, मनपा शिक्षा अधिकारी प्रशांत मेश्राम, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने दोनों स्कूलों के विकास कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह मनपा विद्यालय स्वच्छ, सुंदर, सुसज्जित और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करने वाला आदर्श स्कूल है. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखने का आह्वान किया. इस अवसर पर बबलू शेखावत ने कहा कि शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है. प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि करीब दस वर्ष पहले दोनों स्कूलों की स्थिति बेहद खराब थी. विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही थी और मूलभूत सुविधाओं का अभाव था. इसके बाद उन्होंने अपने वार्ड विकास निधि और स्वैच्छिक निधि से बड़े पैमाने पर निधि उपलब्ध कराकर स्कूलों के विकास का कार्य शुरू कराया.
इन निधियों से स्कूलों में डिजिटल बोर्ड, आधुनिक कक्षाएं, स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय, खेल मैदान, आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं, परिसर का सौंदर्यीकरण तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की गईं. इन कार्यों से विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिला तथा अभिभावकों का स्कूलों पर विश्वास बढ़ा. इसका परिणाम यह रहा कि दोनों स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. बबलू शेखावत ने भविष्य में इस क्षेत्र में स्कूल की नई और आधुनिक इमारत बनाने का संकल्प भी दोहराया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आदर्श स्थापित किया जाएगा. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म और शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई. विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और अभिभावकों की संतुष्टि ने इस पहल की सफलता को प्रमाणित किया. उपस्थित लोगों ने कहा कि शिक्षा में निवेश ही भविष्य का निर्माण है और बबलू शेखावत ने शिक्षा क्षेत्र में विकास कार्यों के माध्यम से सामाजिक दायित्व निभाने का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है.





