बुलढाणा बैंक में 9 संचालक पदों के लिए चुनाव ‘’

12 संचालक चुने गये है निर्विरोध

* विधायक मनोज कायंदे ने बनाया अजीत दादा परिवर्तन पैनल
बुलढाणा/दि.13- बुलढाणा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के संचालक मंडल चुनाव से राजनीतिक नेताओं को दूर रखने के सारे प्रयत्न विफल हो गये. जब विधायक मनोज कायंदे ने अजीत दादा पवार शेतकरी परिवर्तन पैनल बनाकर चुनाव लडने की घोषणा कर दी. जिससे अब संचालक मंडल के 9 पदों हेतु इलेक्शन होगा. मैदान में उम्मीदवारी पीछे लेने की समय सीमा बीत जाने के पश्चात 23 प्रत्याशी शेष है. बता दें कि केन्द्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, मंत्री आकाश फुंडकर, पूर्व मंत्री डॉ. राजेंद्र शिंगणे सहित राज्य मंत्रिमंडल के भी कुछ वर्तमान और पूर्व सदस्य यहां निर्विरोध संचालक चुन लिए गये हैं.
सिंधखेड राजा से राष्ट्रवादी अजीत पवार के विधायक मनोज कायंदे के पैनल का मुकाबला सहकार पैनल से होनेवाला है. कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान मे ंउतरे हैं. मलकापुर, लोणार और संग्रामपुर में महिला और ओबीसी तथा अनुसूचित जाति की सीटों हेतु चुनाव होने जा रहा है. कायंदे के परिवर्तन पैनल के प्रत्याशियों में मंदाकिनी रमेश चांभोरे, प्रतिभा विनायक टाले, मंगेश मथाजी गायकवाड, मनोज दांडगे और ज्ञानेश्वर पुरूषोत्तम पाटिल, मोटाला से उज्वला गणेश मोरे, लोणार सीट से शिवनंदा रामकिसन खांड तथा मलकापुर सीट से शिवचंद्र तेजराव तायडे का समावेश है. इनके अलावा अर्पिता विजयराज शिंदे, गजानन मामलकर, योगेश गायकवाड, संतोष रायपुरे, विश्वनाथ झाडोखार, ज्ञानदेव वाघोदे, वसंत घोंगडे यह 7 प्रत्याशी स्वतंत्र रूप से बैंक का चुनाव लड रहे हैं. सहकार पैनल से पूर्व विधायक संजय रायमुलकर, चंद्रशेखर संचेती, सुनील उदयकार, गोविंद मिरगे, अस्मिता हिलगे, पुष्पा बारवकर, गोविंद मापारी और श्रीकांत मारोडे मैदान में हैं.
* निर्विरोध चुने गये संचालक
चुने गये संचालकों में शिवसेना शिंदे गट के नेता और केन्द्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, बीजेपी नेता और राज्य के मंत्री आकाश फुंडकर, विधायक संजय गायकवाड , मयूर बाहेकर, पूर्व मंत्री डॉ. राजेन्द्र शिंगणे, राष्ट्रवादी के जिलाध्यक्ष प्रसेनजीत पाटिल, शिवसेना जिला प्रमुख जालिंदर बुधवत, पाडुरंग पाटिल, राजेश देशमुख, दिनेश कालने, कावेरी सोंसले, विधायक श्वेता महाले के पिता अंकुशराव पडघान का समावेश है.

Back to top button