जनगणना कार्य में सटीकता और समयबद्धता पर जोर

5 जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

अमरावती /दि.4- आगामी जनगणना प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए अमरावती महानगरपालिका प्रशासन ने कार्य में तेजी लाते हुए जोनवार समीक्षा बैठक आयोजित की. मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा की अध्यक्षता में बुधवार को विश्वरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में पर्यवेक्षकों, चार्ज अधिकारियों और जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई.
बैठक में जनगणना संचालनालय द्वारा हाल ही में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई. आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने कहा कि जनगणना देश के विकास और योजनाओं के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. इसलिए इसमें दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन होना आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्रीय स्तर पर प्रगणकों द्वारा भरी गई जानकारी की गहन जांच की जाए और जहां आवश्यक हो वहां तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए. चार्ज अधिकारियों को भी सूचना के सत्यापन की जिम्मेदारी निभाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए. बैठक में प्रगणक, पर्यवेक्षक और चार्ज अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं. पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि प्रगणकों द्वारा एकत्रित की जा रही जानकारी सही ढंग से दर्ज की जा रही है या नहीं. वहीं चार्ज अधिकारियों को नियमित रूप से आंकड़ों की समीक्षा कर किसी भी गलत अथवा अपूर्ण जानकारी को प्रणाली में अपलोड होने से रोकने के निर्देश दिए गए.
आयुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी समूहों का क्षेत्रीय कार्य 5 जून तक पूर्ण करने के लिए आवश्यक योजना, समन्वय और सतत निगरानी की जाए. बैठक में डेटा सिंक प्रक्रिया पर भी विशेष जोर दिया गया. आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र से एकत्रित जानकारी को समय पर प्रणाली में सिंक करना बेहद जरूरी है. यदि जानकारी समय पर अपडेट नहीं होती तो आंकड़ों में विसंगतियां उत्पन्न हो सकती हैं. इसलिए पर्यवेक्षक अपने अधीनस्थ प्रगणकों को नियमित रूप से डेटा सिंक करने के लिए प्रेरित करें.
जानकारी में त्रुटियों और उनके सुधार की प्रक्रिया पर भी अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया गया. मुख्य क्षेत्रीय कार्य को 5 जून से पहले पूरा करने पर विशेष बल दिया गया. आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने पर्यवेक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक पर्यवेक्षक को प्रतिदिन शाम अपने अधीनस्थ प्रगणकों की बैठक लेना अनिवार्य होगा. इन बैठकों में दिनभर के कार्य की समीक्षा, समस्याओं का समाधान, सूचना की गुणवत्ता की जांच तथा डेटा सिंक होने की पुष्टि की जाएगी. उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा से जनगणना कार्य अधिक प्रभावी और सटीक तरीके से पूरा किया जा सकेगा. चार्ज अधिकारियों को भी अपने-अपने जोन के संपूर्ण डेटा की जांच करने के निर्देश दिए गए. आवश्यकता पड़ने पर क्षेत्रीय दौरे कर जानकारी का सत्यापन करने तथा नागरिकों से प्राप्त जानकारी और प्रणाली में दर्ज आंकड़ों के बीच सामंजस्य सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को जनगणना कार्य की महत्ता बताते हुए सटीक जानकारी, नियमित डेटा सिंक, निरंतर सत्यापन और समय पर कार्य पूर्ण करने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया. उन्होंने सभी जोनों का कार्य 5 जून 2026 तक पूर्ण करने के लिए समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए. बैठक में अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त योगेश पिठे, चार्ज अधिकारी नंदकिशोर तिखिले, भूषण पुसतकर, नितीन बोबडे, धनंजय शिंदे, मनोज शहाले, सहायक शहर जनगणना अधिकारी अक्षय निलंगे तथा अन्य पर्यवेक्षक उपस्थित थे.

Back to top button