ऑनलाइन बीमा के बहाने 98 हजार रुपए की ठगी
माहुली जहांगीर थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.22– यहां के एक 53 वर्षीय व्यक्ति को ऑनलाइन कार बीमा निकालने के बहाने 98 हजार रुपए से ठग लिया गया. इस प्रकरण में माहुली जहांगीर पुलिस ने रहाटगांव के भुते लेआउट निवासी रविकांत नानासाहब यावले (53) की शिकायत पर जालसाजी का मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता रविकांत यावले अपने चारपहिया वाहन का बीमा निकालने के लिए एक अप्लिकेशन को देख रहा था. इस दौरान उसे एक अनजान व्यक्ति का फोन आया. उस व्यक्ति ने फोन पर बीमा निकालने बाबत रविकांत से विस्तृत चर्चा की. बातचीत के दौरान रविकांत ने बीमा न निकालने की बात कही. साथ ही यह भी कहा कि, उनका कोई प्रतिनिधि होगा, तो भेजे पश्चात फोन बंद कर दिया. लेकिन उसी समय उनके मोबाइल में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ और फोन अचानक हैक हो गया. पश्चात संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने अपना मोबाइल फार्मेट कर बैंक का खाता चेक किया, तब उसके खाते से 98 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रान्सफर होने की बात पता चली. अपने साथ ऑनलाइन ठगी होने की बात ध्यान में आते ही रविकांत यावले ने शिकायत दर्ज की. माहुली जहांगीर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





