जमानत पर छूटे शख्स की भीषण हत्या
झाडियों में मिली थी युवक की लाश

* नागपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
नागपुर /दि.8- हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए एक 20 वर्षीय युवक की सिर पर भारी पत्थरों से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान प्लॉट नं. 25 गंगाबाग, दुर्गा चौक, पारडी निवासी प्रतीक उर्फ आदी राजू करंडेकर (20) के रूप में हुई है. शुक्रवार सुबह सिम्बायोसिस कॉलेज के पीछे स्थित झाडियों में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ. इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया. वाठोडा पुलिस ने तहकीकात में तत्परता दिखाते हुए प्लॉट नं. 303, देशपांडे लेआउछ निवासी आवेज इकबाल शेख (19) और जयभीम चौक, हिवरीनगर निवासी शाकीब शेख अब्दुल कलाम (26) को गिरफ्तार कर लिया है. दावा किया जा रहा है कि, आवेज और शाकीब ने आदी की हत्या की बात कबूल कर ली है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले साल वर्ष 2025 में एचवी टाउन इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड हुआ था. उस वारदात में पुलिस ने प्रतीक को उसके तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था. लगभग दो माह पहले ही प्रतीक और उसके सह-आरोपी जेल से जमानत पर बाहर आए थे. बताया जा रहा है कि गुरूवार शाम प्रतीक अपनी मोटर साइकिल लेकर घर से निकला था. देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश करने लगे और चिंतित हो उठे. शुक्रवार सुबह सिम्बायोसिस कालेज के पीछे झाडियों में उसका खूल से लथपथ शव पडे होने की जानकारी परिजनों और पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही वाठोडा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. मृतक के बडे भाई अपेक्षित कारंडेकर की शिकायत पर वाठोडा थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या कर मामला दर्ज किया गया है.
* वाहन का कट लगने के विवाद में मार डाला
हत्या की गंभीरता को देखते हुए वाठोडा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद पोरे ने तुरंत जांच शुरू की. पोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में बारीकी से पूछताछ कर गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों का पता लगाया. इसके बाद नंदनवन पुलिस स्टेशन की सीमा में घेराबंदी कर जाल बिछाया गया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया. इनमें आवाज इकबाल शेख और शाकीब शेख अब्दुल कलाम का समावेश है. कडाई से पूछताछ में मुख्य आरोपी आवेज इकबाल शेख ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले मृतक का प्रतीक का उनकी गाडी से कट लग गया था. इसी पुराने विवाद को लेकर उसके बीच रंजिश चल रही थी. इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर योजना बनाई और प्रतीक को सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मामले की आगे की जांच जारी है.





