हर्षवर्धन देशमुख को मिला शरदरत्न शिक्षा एवं जनसेवा विशेष पुरस्कार
कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुंबई में किया गया सम्मानित

शरद पवार गुट के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे के हाथों प्रदान किया गया पुरस्कार
अमरावती/दि.9 – श्री शिवाजी शिक्षण संस्था, अमरावती के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के पूर्व कृषि मंत्री हर्षवर्धन देशमुख को कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘शरदरत्न शिक्षा एवं जनसेवा विशेष पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया. मुंबई स्थित शरद प्रतिभाशाली सांस्कृतिक प्रतिष्ठान की ओर से उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया. मुंबई के रवींद्र नाट्य मंदिर में आयोजित समारोह में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे के हाथों हर्षवर्धन देशमुख को सम्मानित किया गया.
समारोह में हर्षवर्धन देशमुख के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि कृषि, शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक है. महाराष्ट्र के पूर्व कृषि मंत्री के रूप में उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा, कृषि विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति के लिए निरंतर प्रयास किए हैं. श्री शिवाजी शिक्षण संस्था के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों में संस्कार विकसित करने और समाज की शैक्षणिक उन्नति के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनके नेतृत्व में कृषि और शिक्षा जैसे समाज के दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मजबूती मिली है. समारोह में उनके सार्वजनिक जीवन की कार्यनिष्ठा, सामाजिक प्रतिबद्धता और विकासोन्मुख दृष्टिकोण की भी सराहना की गई. वक्ताओं ने कहा कि उनका कार्य अनेक लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
* गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में सम्मान
शरद प्रतिभाशाली सांस्कृतिक प्रतिष्ठान, महाराष्ट्र की ओर से आयोजित इस समारोह में भजन सम्राट कोयना रत्न ह.भ.प. राजाराम बुवा शेलार, प्रतिष्ठान की उपाध्यक्ष भावनाताई घाणेकर, कार्याध्यक्ष गणेश पाटील और सचिव एच.बी. जंगम सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. इस पुरस्कार के अंतर्गत शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ, सम्मानपत्र और स्मृतिचिह्न प्रदान किया गया. हर्षवर्धन देशमुख को इस सम्मान से नवाजे जाने पर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उनका अभिनंदन किया है.





