अंबानगरी में 585 सार्वजनिक मंडलों में सजेगी दुर्गा-शारदादेवी की प्रतिमाएं

11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रोत्सव की धूम

69 स्थानों पर गरबा आयोजन
सुरक्षा के लिए 1,650 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात
अमरावती/दि.9 – अंबानगरी अमरावती में शारदीय नवरात्रोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. शहर सहित पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में 11 से 20 अक्टूबर तक श्री दुर्गादेवी और श्री शारदादेवी नवरात्रोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. इस दौरान विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में लगभग 585 सार्वजनिक दुर्गा एवं शारदादेवी मंडलों की स्थापना की जाएगी, जबकि 69 स्थानों पर गरबा कार्यक्रमों का आयोजन होगा. त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक बंदोबस्त की तैयारी की है.
* समन्वय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
नवरात्रोत्सव की तैयारियों को लेकर हाल ही में पुलिस आयुक्त कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की गई. इसमें जिला प्रशासन, महानगरपालिका, महावितरण, अग्निशमन विभाग, निर्माण विभाग, अंबादेवी एवं एकवीरा देवी संस्थान के प्रतिनिधियों और विभिन्न सार्वजनिक मंडलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक में नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. इनमें सड़कों के किनारे पेड़ों की टहनियों की छंटाई, बिजली के तारों और केबल की मरम्मत, मंडपों का आकार सीमित रखने तथा सड़क पर मंडप लगाकर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश शामिल हैं. इसके अलावा प्रत्येक सार्वजनिक मंडल में सीसीटीवी कैमरे लगाने और महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के लिए महिला स्वयंसेवकों की नियुक्ति करने पर जोर दिया गया.
* सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर
त्यौहार के दौरान ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य रहेगा. जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. वहीं, साइबर पुलिस स्टेशन की विशेष टीम सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखेगी. जुलूसों में ज्वलनशील पदार्थ और हथियार ले जाने के साथ ही आपत्तिजनक गाने बजाने पर प्रतिबंध रहेगा. पुलिस प्रशासन ने सभी मंडलों से नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव मनाने की अपील की है.
* सुरक्षा के लिए व्यापक पुलिस बंदोबस्त
नवरात्रोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की बड़े पैमाने पर तैनाती की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था में तीन पुलिस उपायुक्त, चार सहायक पुलिस आयुक्त, 28 पुलिस निरीक्षक तथा 70 सहायक पुलिस निरीक्षक एवं पुलिस उपनिरीक्षकों सहित कुल 1,650 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे. इसके अलावा आरसीपी और क्यूआरटी प्लाटून, राज्य आरक्षित पुलिस बल (एसआरपीएफ) की एक कंपनी तथा 500 पुरुष एवं महिला होमगार्ड भी बंदोबस्त में तैनात रहेंगे.
* महिलाओं की सुरक्षा के लिए 10 दामिनी दस्ते सक्रिय
नवरात्रोत्सव के दौरान गरबा स्थलों, सार्वजनिक मंडलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए 10 दामिनी दस्ते और 14 मोबाइल वैन लगातार गश्त करेंगी. किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और सार्वजनिक मंडलों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और नवरात्रोत्सव को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने में सहयोग दें.

Back to top button