मनपा झोन नंबर 3 का वसूली लिपिक रिश्वत लेते धरा गया
एसीबी दल की झोन कार्यालय में कार्रवाई से हडकंप

अमरावती/दि.9 – एसीबी के दल ने मनपा के दस्तूर नगर झोन नंबर 3 कार्यालय में कार्यरत टैक्स वसूली लिपिक को शिकायतकर्ता से 1500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड लिया. एसीबी दल की इस कार्रवाई से हडकंप मच गया है. पकडे गये कर्मचारी का नाम भागीरथ खैरकर है.
जानकारी के मुताबिक इन दिनों मनपा के पांचों झोन कार्यालय में टैक्स वसूली का काम चल रहा है. पहले झोन नंबर 1 में कार्यरत और वर्तमान में झोन नंबर 3 में कार्यरत लिपिक भागीरथ खैरकर की तरफ टैक्स वसूली का काम है. बताया जाता है कि, आज गुरुवार 8 अक्टूबर को शिकायतकर्ता उसका काम करने के लिए रिश्वत की मांग की थी. सौदा तय होने के बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज की. रिश्वत के पैसे दस्तूर नगर झोन कार्यालय में ही देना तय हुआ था. जिसके मुताबिक एसीबी के दल ने झोन कार्यालय परिसर में जाल बिछाकर भागीरथ खैरकर को शिकायतकर्ता से 1500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड लिया. एसीबी दल की इस कार्रवाई से मनपा प्रशासन में खलबली मच गई है. समाचार लिखे जाने तक एसीबी दल की कार्रवाई शुरु थी.





