सिंदखेड मोरेश्वर में अवैध हाथभट्टी शराब भट्टी ध्वस्त

2.01 लाख रुपये का माल नष्ट

* ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई
अकोला/दि.2- अकोला पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और बाशीटाकली पुलिस ने सिंदखेड मोरेश्वर क्षेत्र में अवैध हाथभट्टी शराब निर्माण केंद्र पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने मौके पर तैयार की जा रही अवैध शराब और निर्माण सामग्री को जब्त कर नष्ट कर दिया.
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि सिंदखेड मोरेश्वर क्षेत्र के बड़े जामने मार्ग पर अवैध रूप से देशी शराब का निर्माण किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर तीन लोगों को शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय हरिलाल केवट (35), प्रमोद नेवशी केवट (60) और भीमराव दशरथ वानखड़े (52), सभी निवासी सिंदखेड मोरेश्वर, के रूप में हुई है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 83 डिब्बों में भरा 1,245 लीटर महुआ मिश्रित सड़ा हुआ द्रव बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 86 हजार 750 रुपये बताई गई. इसके अलावा 55 लीटर अवैध हाथभट्टी शराब, चार प्लास्टिक ड्रम (200 लीटर क्षमता) तथा एक 500 लीटर क्षमता की प्लास्टिक टंकी भी जब्त की गई. पंचों की उपस्थिति में आवश्यक नमूने सुरक्षित रखने के बाद अवैध शराब तथा शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. जब्त एवं नष्ट किए गए माल की कुल कीमत 2 लाख 1 हजार 750 रुपये आंकी गई है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अविनाश बारगल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धंधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई.

Back to top button