समृद्धि महामार्ग पर 30 लाख का अवैध डीजल जब्त, चालक गिरफ्तार

अहिल्यानगर / दि.2- शासन का किसी भी प्रकार का करारनामा और लाइसेंस लिए बिना अवैध रूप से विभिन्न पेट्रोल पंपों से डीजल टैंकर में भरकर गडचिरोली जिले के सुरजागड़ स्थित खदान में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा अवैध डीजल का टैंकर, जिसमें 30 लाख रुपये का डीजल और 25 लाख रुपये मूल्य का टैंकर शामिल था, इस प्रकार कुल 55 लाख रुपये का मुद्देमाल स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने जब्त किया. टैंकर चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 लोग फरार हैं. यह कार्रवाई मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग पर कोपरगांव शहर पुलिस थाने की सीमा में की गई. महादेव डांगे (उम्र 50, शिवाजीनगर, नेरुल नवी मुंबई, मूल निवासी पिंपलवाड़ी, तहसील बार्शी, सोलापुर) गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम है.
जानकारी के मुताबिक स्थानीय अपराध शाखा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि टैंकर (एमएच 43-बीपी-5085) अवैध रूप से पेट्रोल पंपों से डीजल भरकर सुरजागड़ (जिला गढचिरोली) स्थित खदान में बिक्री के लिए जा रहा है. टीम ने तुरंत कोपरगांव शहर पुलिस थाने की सीमा में समृद्धि महामार्ग पोल क्रमांक 520 पर जाल बिछाकर इंतजार किया. उन्हें टैंकर आता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने टैंकर को रोककर आपूर्ति अधिकारी कोपसे की मौजूदगी में चालक को हिरासत में लिया. चालक ने बताया कि वह फरार 3 लोगों के कहने पर साई प्रसाद पेट्रोल पंप, राज्यमार्ग 44 पर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप और शहापुर-खर्डी रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप से डीजल भरकर सुरजागड़ (गढचिरोली) ले जा रहा था. टीम ने 30 लाख रुपये मूल्य के 34 हजार लीटर डीजल और 25 लाख रुपये मूल्य के टैंकर सहित कुल 55 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया.
पुलिस निरीक्षक किरणकुमार कबाडी ने यह जानकारी दी. गिरफ्तार चालक के खिलाफ कोपरगांव शहर पुलिस थाने में जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की जांच कोपरगांव शहर पुलिस कर रही है. यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की गई है.

Back to top button