अकोला में 20.60 लाख रुपये का अवैध बीज भंडार जब्त
बिना लाइसेंस गोदाम में रखा था स्टॉक, कृषि विभाग की कार्रवाई

अकोला/दि.27– कृषि विभाग के उड़नदस्ते ने एमआईडीसी फेज-4 स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर 20 लाख 60 हजार 969 रुपये मूल्य का अवैध बीज भंडार जब्त किया है. बिना वैध भंडारण और बिक्री लाइसेंस के बीज संग्रहित किए जाने पर गोदाम को सील कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग को गोदाम में रात के समय संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद अधिकारियों ने छापा मारकर जांच की. कार्रवाई के दौरान गुजरात की महालक्ष्मी क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड (साबरकांटा) का बीज स्टॉक बरामद हुआ. निरीक्षण में कुल 1,868 बीज पैकेट जब्त किए गए, जिनमें 1,669 कपास के बीज पैकेट (लगभग 15.03 लाख रुपये) तथा 199 मक्का के बीज पैकेट (लगभग 5.57 लाख रुपये) शामिल हैं.
जांच में पाया गया कि संबंधित सी एंड एफ एजेंट के पास बीज भंडारण एवं बिक्री का वैध लाइसेंस, अनुबंध तथा स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं था. इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा बीज नियंत्रण आदेश, 1983 का उल्लंघन मानते हुए कृषि विभाग ने गोदाम सील कर दिया. इस मामले में एमआईडीसी पुलिस थाने में कंपनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. वहीं, जब्त किए गए कपास और मक्का के बीजों के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.




