पुणे की घटना का असर

शहर और जिले में हातभट्टी अड्डों पर धूमधडक कार्रवाई

* हजारों लीटर और लाखों की अवैध शराब जब्त
* आरोपियों की धरपकड
अमरावती/दि.30 – पुणे में अवैध शराब के कारण लगभग दो दर्जन मौतों से समस्त महाराष्ट्र में खलबली मची है. ऐसे में अमरावती जिले और शहर पुलिस ने हातभट्टी और अवैध शराब के अड्डों पर जबरदस्त धडक कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर अवैध शराब, उसे बनाने का सडा हुआ मोहा व अन्य माल जब्त व नष्ट किया. दर्जनभर आरोपियों की धरपकड की गई. ग्रामीण और शहर में धडक कार्रवाई से अवैध शराब विक्रेताओं में खलबली मची है. शहर के अनेक थाना क्षेत्र में कुल 3 लाख 85 हजार का माल जब्त किया गया. जिसमें 1180 लीटर हातभट्टी शराब और 4,560 लीटर सडा मोहा शामिल होने की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि, आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में उपरोक्त धडाकेबाज कार्रवाई की गई है.
स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक संदीप चव्हाण सहित चार अधिकारी और 38 अंमलदार, दंगा नियंत्रण पथक के 11 अंमलदार ने उपरोक्त अभियान छेडा. नांदगांव पेठ थाना अंतर्गत ग्राम शेंदोला में पारधी बेडे पर छापा मारकर 100 लीटर गावठी दारु, 600 लीटर मोहामा सडवा के साथ आरोपी सुभाष नेनेराव भोसले (63) को बंदी बनाया. इसी ग्राम में जग्गा लाथीराम पवार (60) को लगभग 40 हजार के प्रतिबंधित माल के साथ गिरफ्तार किया गया है. एक महिला आरोपी से भी पुलिस ने 200 लीटर गावठी दारु, 700 लीटर सडवा-मोहमा जब्त किया. लगभग 62 हजार का माल महिला आरोपी से जब्त किए जाने की जानकारी है.
पुलिस ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में भी राजूरा पारधी बेडा में तीन जगह और भारत नगर पारधी बेडा एवं परिहारपुर वडाली में धडक कार्रवाई की. महिला आरोपी से करीब 53 हजार 750 का माल जब्त कर नष्ट किया गया. पारधी बेडा पर तीनों ही जगह महिला आरोपियों को पकडा गया. एक जगह 48,750, दूसरी जगह 44,750 का माल जब्त कर नष्ट किए जाने का दावा पुलिस ने किया है. भारत नगर पारधी बेडा में भी महिला से 45 हजार का माल जब्त कर नष्ट किया गया. परिहारपुरा में आरोपी संतोष मोहोकार (40) को 150 लीटर गावठी दारु और 500 लीटर सडा मोहा ऐसे 45 हजार के माल के साथ पकडे जाने का दावा पुलिस ने किया. सभी केसेस में महाराष्ट्र दारुबंदी कानून की धारा 65 (क), (फ), (ड) के तहत अपराध दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई डीसीपी श्याम घुगे, डीसीपी रमेश धुमाल, एसीपी शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में निरीक्षक संदीप चव्हाण, सपोनि मनीष वाकोडे, सपोनि महेश इंगोले, सपोनि दशरथ आडे, उपोनि गजानन सोनुने और दंगा नियंत्रण पथक ने की.

* गांव-देहातों में भी मुहिम, 80 लीटर अवैध शराब नष्ट
शहर की सीमा से सटे परिहारपुरा, राजूरा बेडा में पुलिस ने मुहिम चलाकर 1 लाख रुपए से अधिक कीमत का अवैध शराब और शराब बनाने का माल नष्ट करने का दावा किया है. चार जगहों पर कार्रवाई कर 80 लीटर गावठी दारु नष्ट की गई. महिला सहित चार आरोपियों को नामजद किया गया है. यह कार्रवाई फ्रेजरपुरा के एसीपी कैलाश पुंडकर के मार्गदर्शन में निरीक्षक रोशन सिरसाट, निरीक्षक नीलेश गावंडे, उपनि राहुल महाजन, उपनि वैभव कालबांडे, रज्जाक शेकूवाले, शशीकांत गवई, सचिन बोरकर, प्रशांत वानखडे, जावेद पटेल, जयेश परिवाले, रोशन वर्‍हाडे, अखिल दलवी, तुकाराम, महिला हवालदार सारिका देशमुख, लता उईके, सिपाही भारती अस्वार के दल ने की.
* पुणे की घटना का असर
पुणे में जहरीली शराब से 20 से अधिक लोगों की जान चली गई. जिसके बाद पूरे प्रदेश में खाकी अवैध शराब को लेकर एक्शन में आई है. खाकी ने अमरावती शहर और जिले में ताबडतोब छापेमारी कर हजारों लीटर अवैध शराब और उसे बनाने का माल पकडा और नष्ट किया. अभी भी यह एक्शन जारी रहने की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी. पुलिस के छापामार अभियान से अवैध शराब विक्रेताओं में हडकंप मचा है.

Back to top button