अमरावती में होगा प्रेरणादायी कार्यक्रम ‘संवाद तरुणाईशी’
आईएएस तुकाराम मुंढे करेंगे युवाओं का मार्गदर्शन

अमरावती /दि.6- कस्तूरबा खादी महिला समिति तथा पीआर पोटे पाटिल एज्यूकेशनल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालयीन युवक, स्पर्धा परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए शनिवार, 1 अगस्त को प्रेरणादायी मार्गदर्शन कार्यक्रम ‘संवाद तरुणाईशी’ आयोजित किया गया है. इस कार्यक्रम में प्रमुख मार्गदर्शक के रुप में अन्न व औषध प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंढे उपस्थित रहने वाले है. ऐसी जानकारी रविवार को यहां आयोजित पत्रकार परिषद में दी गई. पत्रकार परिषद में दैनिक अमरावती मंडल के संपादक अनिल अग्रवाल, प्रदीप चेचरे, धनश्री येवनकर, रोहन भामकर, पवन भामकर तथा श्रीप्रा मानकर उपस्थित रहे.
पत्रकार परिषद में बताया गया कि कस्तूरबा खादी महिला समिति, अमरावती, उद्योग विभाग के अंतर्गत संचालित अमरावती सोलर चरखा क्लस्टर पायलट परियोजना की इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी है. समिति ग्रामीण एवं आदिवासी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता के लिए विभिन्न सामाजिक पहल संचालित कर रही है. इसी कड़ी में समिति ने पी. आर. पोटे पाटिल एज्यूकेशनल ग्रुप, अमरावती के सहयोग से ‘संवाद तरुणाईशी’ कार्यक्रम का आयोजन किया है. कार्यक्रम का उद्देश्य कॉलेज विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा जिम्मेदार नागरिक और सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने वाले सभी लोगों को प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्रदान करना है.
कार्यक्रम में महाराष्ट्र शासन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे (आईएएस) मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे. वे विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए प्रशासनिक सेवाओं में अपने अनुभव, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, नेतृत्व क्षमता, ईमानदारी, सार्वजनिक सेवा के मूल्य, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे. यह कार्यक्रम शनिवार, 1 अगस्त, शाम 5 बजे स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, पी. आर. पोटे एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, पोटे एस्टेट, कथोरा रोड, अमरावती में आयोजित किया जाएगा. इसमें अमरावती संभाग के पांचों जिलों से लगभग 8 हजार से 10 हजार विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों तथा सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है.
पत्रकार परिषद में यह भी बताया गया कि महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल के सहयोग से संचालित अमरावती सोलर चरखा क्लस्टर परियोजना के माध्यम से मेलघाट एवं अमरावती जिले की ग्रामीण एवं आदिवासी महिलाओं को सोलर स्पिनिंग, वीविंग, टेक्सटाइल निर्माण तथा रेडीमेड गारमेंट उत्पादन के क्षेत्र में स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है. अमरावती एमआईडीसी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) भी स्थापित किया गया है, जहां वस्त्र निर्माण से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. समिति ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे. इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि अमरावती जिला मराठी पत्रकार संघ इस कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर है. आयोजकों ने सभी कॉलेज विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से इस निशुल्क कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की.





