भुसावल में रेलवे कर्मचारी की लोहे की पट्टी से हत्या
आरोपी हिरासत में

भुसावल /दि.6- शहर में बढ़ते अपराधों के बीच एक और सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है. कालीका मंदिर के सेवक की हत्या के कुछ ही दिनों बाद रेलवे फिल्टर हाउस में कार्यरत एक कर्मचारी की लोहे की पट्टी से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान प्रसाद यशवंत कुलकर्णी (58), निवासी स्टार लॉन, भारंबे नगर, भुसावल के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में आकाश भानुदास गोरखा (निवासी कवाडे नगर, भुसावल) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, प्रसाद कुलकर्णी शनिवार शाम रेलवे के फिल्टर हाउस में ड्यूटी पर तैनात थे. रात करीब 8:30 बजे आकाश गोरखा वहां पहुंचा. किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मौके पर पड़ी लोहे की पट्टी उठाकर कुलकर्णी के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक केदार बारबोले, शहर पुलिस निरीक्षक महेश गायकवाड़ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. जांच के लिए जळगांव से फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई गई. पुलिस ने आरोपी आकाश गोरखा को तुरंत हिरासत में ले लिया है. जिला पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आरोपी मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज ठाणे में चल रहा है. उसके खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज थे, हालांकि वर्ष 2021 के बाद उसके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ था. पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और दोनों के बीच हुए विवाद की जांच कर रही है. वहीं, ड्यूटी के दौरान रेलवे कर्मचारी की हत्या की इस घटना के बाद रेलवे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय नागरिकों ने रेलवे और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है.





