इतवारा बाजार में घुटनों तक पानी, व्यापार ठप

नगरसेवक दीपक साहू सम्राट ने मनपा को दी आंदोलन की चेतावनी

अमरावती/दि.6- शहर के प्रभाग क्रमांक-6 स्थित इतवारा बाजार की बदहाल स्थिति को लेकर अब व्यापारियों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है. लगातार हो रही बारिश के कारण पूरे बाजार में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे न केवल व्यापार पूरी तरह प्रभावित हुआ है बल्कि आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का आवागमन भी बेहद मुश्किल हो गया है.
मोरबाग प्रभाग के नगरसेवक दीपक साहू सम्राट ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार मनपा आयुक्त लढ्ढा और संबंधित अधिकारियों को इतवारा बाजार की जलभराव की समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल अस्थायी और खानापूर्ति वाले उपाय किए गए. स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण हर बारिश में बाजार जलमग्न हो जाता है. नगरसेवक का कहना है कि जलभराव की वजह से दुकानों में ग्राहकों का आना लगभग बंद हो गया है. व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि गंदे पानी और कीचड़ के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है. कई स्थानों पर सड़क और नालियों की बदहाल स्थिति ने समस्या को और गंभीर बना दिया है.
दीपक साहू सम्राट ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस ओर ध्यान दिया होता तो आज व्यापारियों और नागरिकों को ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता. उन्होंने मनपा प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सिर्फ औपचारिक कार्रवाई की गई. इसी मुद्दे को लेकर कल दोपहर इतवारा बाजार के व्यापारी नगरसेवक दीपक साहू सम्राट के नेतृत्व में मनपा आयुक्त लड्ढा मैडम को ज्ञापन सौंपेंगे. ज्ञापन में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था, नालों की सफाई, सड़क सुधार और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की जाएगी. नगरसेवक ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन देने के बाद भी प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो इतवारा बाजार के सभी व्यापारी मनपा कार्यालय के सामने जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी. व्यापारियों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासनों की नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की जरूरत है. यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का निवारण नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

Back to top button