हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी

कांग्रेस के प्रदेश सचिव किशोर बोरकर का पत्रकार परिषद में कथन

* बडनेरा में 11 जुलाई को कांग्रेस का बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम
* एसआईआर अभियान की दी जाएगी जानकारी
अमरावती/दि.99 – महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव किशोर बोरकर ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार परिषद में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर-2026 अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी की ओर से शनिवार 11 जुलाई को बडनेरा विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-2 का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
पत्रकार परिषद में किशोर बोरकर व समीर जवंजाल ने बताया कि यह प्रशिक्षण सुबह 11 बजे संत गाडगे महाराज विद्यालय, नवाथे नगर, बडनेरा रोड, अमरावती में होगा. कार्यक्रम में सांसद बलवंत वानखड़े, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव दिलीप एडटकर, महासचिव हरिभाऊ मोहोड़ सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे. किशोर बोरकर ने कहा कि बडनेरा विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 74 हजार 544 मतदाता तथा 345 मतदान केंद्र हैं. ऐसे में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में बना रहे और कोई भी योग्य मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न हो, इसके लिए बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के प्रतिनिधि अक्षय राउत बीएलए-2 कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को डखठ अभियान के प्रभावी संचालन, मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण, मतदाता जागरूकता, चुनाव प्रबंधन तथा बीएलए-2 की जिम्मेदारियों पर विस्तृत मार्गदर्शन देंगे.
पत्रकार परिषद में बोरकर ने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है. इसके तहत डुप्लिकेट नामों को हटाना, मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करना, प्रवासी मतदाताओं का विवरण अद्यतन करना तथा नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जब बूथ लेवल अधिकारी घर-घर सत्यापन के लिए आएं तो पूरा सहयोग करें, निर्धारित समय पर आवश्यक प्रपत्र भरें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें. किशोर बोरकर ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने बडनेरा विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलए-2, कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से 11 जुलाई को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की. उनके साथ विशेष समीक्षा अभियान के समन्वयक एवं पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव समीर जवांजल ने भी कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया. पत्रकार परिषद में किशोर बोरकर, समीर जवंजाल के अलावा विजय बरवे, भैयासाहब निचल, वैभव देशमुख, आशीष यादव उपस्थित थे.

Back to top button