पिता की हत्या कर शव कुएं में फेंका

शराब के नशे में मां से मारपीट कर रहा था पिता

* दो बेटों पर हत्या का आरोप, पुलिस ने कुएं से बरामद किया शव
वाशिम/दि.7- जिले के रिसोड तहसील अंतर्गत वाकद गांव में शराब के नशे में पत्नी से मारपीट कर रहे पिता की कथित तौर पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है. घटना के बाद दो बेटों ने पुलिस से बचने के लिए पिता के कहीं चले जाने की कहानी गढ़ी. हालांकि, घटना में शामिल एक बेटे को बाद में पश्चाताप हुआ और उसने पुणे में काम कर रहे अपने तीसरे भाई को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस की मदद से कुएं से राजू देवकर का शव बरामद किया गया. इस मामले में बदनापुर पुलिस ने दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस शिकायत के मुताबिक वाकद निवासी राजू किसन देवकर (48) ने 1 अक्टूबर को शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी थी. मां के साथ मारपीट से नाराज छोटे बेटे सुनील देवकर (25) ने कथित तौर पर पिता के सीने, पीठ और पेट पर डंडे से वार किए. इसके बाद उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें चारपाई पर डाल दिया गया.
* अस्पताल ले जाते समय मौत का आरोप
इसी दौरान छत्रपति संभाजीनगर में नौकरी करने वाला बेटा अनिल देवकर (27) घर पहुंचा. पिता की गंभीर हालत देखकर वह उन्हें कार से घाटी अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुआ. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सुनील ने रुमाल से राजू का मुंह और गला दबा दिया. सिंदखेड़ राजा के पास पहुंचने पर अनिल को पिता की मौत का पता चला.
* पुलिस के डर से कुएं में फेंका शव
पिता की मौत के बाद सुनील ने पुलिस के हाथ लगने के डर से आत्महत्या करने की धमकी दी. इसके बाद आरोप है कि दोनों भाइयों ने राजूर-फुलंब्री मार्ग पर डोंगरगांव शिवार स्थित एक खेत के कुएं में राजू का शव फेंक दिया. गांव लौटने के बाद दोनों ने कथित तौर पर लोगों को बताया कि उनके पिता कार से कूदकर कहीं चले गए हैं.
* पश्चाताप के बाद तीसरे भाई को बताई घटना
घटना के बाद अनिल रातभर सो नहीं सका. आखिरकार उसने पुणे शहर के एक होटल में काम करने वाले अपने भाई सीताराम देवकर को फोन कर पूरी घटना बता दी. जानकारी मिलते ही सीताराम तत्काल जालना पहुंचा और अनिल के साथ पुलिस से संपर्क किया. पुलिस की मदद से कुएं में तलाश अभियान चलाकर राजू का शव बाहर निकाला गया. सीताराम की शिकायत के आधार पर बदनापुर पुलिस ने सुनील देवकर और अनिल देवकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. चूंकि घटना रिसोड थाना क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए मामले की आगे की जांच रिसोड पुलिस को सौंप दी गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

Back to top button