बिना लाइसेंस चल रहा लड्डू कारखाना सील

रामपुरी कैंप में एफडीए की कार्रवाई

* निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का अभाव
अमरावती/दि.25– शहर के रामपुरी कैंप क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति संचालित लड्डू कारखाने पर अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया. जांच के दौरान कारखाने में भारी अस्वच्छता के साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी कई खामियां सामने आईं. कारखाना संचालक मौके पर मौजूद नहीं था.
जांच के दौरान सामने आया कि परिसर में मोतीचूर के लड्डू तैयार किए जा रहे थे. यहां बनाए जाने वाले लड्डू शहर के विभिन्न स्वीट मार्ट में बिक्री के लिए भेजे जाते थे. जिस परिसर में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे, वहां साफ-सफाई का अभाव पाया गया. गंदगी के बीच लड्डू तैयार किए जाने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.
* जली टीन शेड और कबाड़ के बीच हो रहा था निर्माण
एफडीए की जांच में निर्माण परिसर की स्थिति बेहद खराब पाई गई. टूटी-फूटी दीवारों, जली हुई टीन शेड और कबाड़ के ढेर के बीच खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे. परिसर में स्वच्छता और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. ऐसे अस्वास्थ्यकर वातावरण में तैयार किए जा रहे लड्डू शहर के विभिन्न स्वीट मार्ट में बिक्री के लिए भेजे जा रहे थे.
* बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
जांच के दौरान कारखाना संचालक के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री के लिए एफडीए का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया. आवश्यक अनुमति के बिना खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री किए जाने की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की. एफडीए की टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं. इन नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
* कारखाना किया सील
अन्न एवं औषधि प्रशासन ने परिसर का कामकाज तत्काल प्रभाव से बंद कराने के आदेश दिए और कारखाने को सील कर दिया. एफडीए के सहायक आयुक्त विनय चव्हाण ने बताया कि रामपुरी कैंप स्थित परिसर की जांच के दौरान बिना लाइसेंस लड्डू निर्माण का मामला सामने आया. परिसर में भारी अस्वच्छता भी पाई गई, जिसके चलते निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Back to top button