एनसीपी प्रवक्ता नितेश कराले गिरफ्तार
विवादित वीडियो ने पहुंचाया जेल

* ‘खदखद मास्टर’ पर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप
* कोर्ट ने पुलिस हिरासत की मांग ठुकराकर न्यायिक हिरासत में भेजा
वर्धा /दि.28- सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो और बयानों को लेकर विवादों में रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश प्रवक्ता नितेश कराले उर्फ ‘खदखद मास्टर’ को पुलिस ने अमरावती से गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को वर्धा कोर्ट में पेश किए जाने के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. इसके बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया.
नितेश बालकृष्ण कराले सोशल मीडिया पर अपने खास अंदाज और शादी स्टाइल के वीडियो के लिए चर्चित रहे हैं. आरोप है कि उन्होंने 31 जुलाई को ‘आरक्षण हटाने’ के विषय पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में कथित तौर पर एक विशेष समुदाय के संबंध में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. इस वीडियो को लेकर समुदाय की भावनाएं आहत होने की शिकायत पुलिस में की गई थी. शिकायत के आधार पर 19 अगस्त को शहर पुलिस थाने में कराले के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
* दूसरे वीडियो में न्यायपालिका पर टिप्पणी का आरोप
पहला मामला दर्ज होने के बाद नितेश कराले ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो पोस्ट किया. आरोप है कि इस वीडियो में उन्होंने देश की न्यायपालिका को लेकर भी आपत्तिजनक बयान दिए. इस मामले में भी उनके खिलाफ अलग से केस दर्ज किया गया. दोनों मामले दर्ज होने के बाद से नितेश कराले फरार चल रहे थे. उनकी तलाश के लिए क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थीं.
* अमरावती के तपोवन से दबोचा
इसी बीच बुधवार रात करीब 12.30 बजे स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने नितेश कराले को अमरावती के तपोवन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उन्हें रात करीब 3.30 बजे वर्धा लेकर पहुंची और शहर पुलिस के हवाले किया. गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद शाम को कराले को वर्धा कोर्ट में पेश किया गया. पुलिस ने मामले की जांच के लिए उनकी पुलिस कस्टडी की मांग की थी, लेकिन अदालत ने पुलिस हिरासत की मांग खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. इसके बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया. मामले की आगे जांच जारी है.





