ओपन जेल का कैदी कर्मचारी की दुपहिया लेकर भागा
मोर्शी की कारागृह यंत्रणा में हडकंप

* पुलिस फरार कैदी की कर रही सरगर्मी से तलाश
अमरावती/दि.1- मोर्शी के ओपन जेल का एक उम्रकैद का कैदी ड्यूटी पर तैनात जवान की दुपहिया चुराकर भाग गया. यह घटना सोमवार 27 अप्रैल को सुबह घटित हुई. मोर्शी पुलिस फरार कैदी की सरगर्मी से तलाश कर रही है. फरार कैदी का नाम यवतमाल जिले के घाटंजी निवासी चेतन सुखदेव टेकाम (27) है.
जानकारी के मुताबिक मोर्शी की ओपन जेल के पांच कैदियों को कामकाज के लिए सुबह 7 से 7.30 बजे के दौरान मोर्शी पर्यटन केंद्र परिसर में ले जाया गया. इन कैदियों पर देखरेख रखने की जिम्मेदारी कारागृह कर्मचारी सुधीर सावरकर पर थी. कामकाज का समय समाप्त होने के बाद सावरकर ने सभी कैदियों को मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचने के लिए आवाज दी है. पांच में से चार कैदी तत्काल उपस्थित हुए. लेकिन चेतन सुखदेव टेकाम दिखाई नहीं दिया. सुधीर सावरकर ने उसकी तलाश शुरु की, तब कैदी चेतन टेकाम उसी की दुपहिया चुराकर वहां से भागा रहने का पता चला. जिस कर्मचारी की निगरानी में वह काम पर था, उसी कर्मचारी का वाहन लेकर कैदी फरार होने से कारागृह प्रशासन में हडकंप मच गया है. 16 से 17 घंटे खोज अभियान चलाने के बावजूद उसका पता नहीं चला. आखिरकार 28 अप्रैल को मोर्शी थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई. कारागृह अधीक्षक और मोर्शी पुलिस ने परिसर में खोज अभियान चलाया. पार्डी, पिंपलखुटा, तलनी, मोर्शी शहर, निंभी और लेहेगांव परिसर में पुरा दिन खोज अभियान चलाया गया. लेकिन देर रात तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया था. थानेदार राहुल आठवले के नेतृत्व में पुलिस इस फरार कैदी की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
* कौन है यह फरार कैदी?
फरार हुआ कैदी चेतन सुखदेव टेकाम (27) यह मूल यवतमाल जिले के घाटंजी का रहने वाला है. 2017 में घाटंजी में हुए एक हत्याकांड में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. अमरावती मध्यवर्ती कारागृह से उसकी रवानगी 20 मई 2024 को मोर्शी के ओपन जेल की गई. इस प्रकरण में कारागृह कर्मचारी अनूज नंदू शिंगाडे ने शिकायत दर्ज की है. फरार कैदी को सहायता करने वाले की भी तलाश की जा रही है. इस घटना के कारण ओपन जेल के अनुशासन और सुरक्षा पर सवाल उठने लगे है.





