उत्कृष्ट महिला और पुरुष किसान पुरस्कार
शिवाजी शिक्षा संस्था ने मंगाए आवेदन

दिसंबर में होंगे प्रदान
अध्यक्ष भैयासाहब देशमुख द्वारा जानकारी
अमरावती/दि.9 – श्री शिवाजी शिक्षा संस्था ने शारदा पवार उत्कृष्ट महिला किसान और शरद जोशी स्मृति उत्कृष्ट पुरुष किसान पुरस्कार हेतु नामांकन मंगवाए हैं. दोनों ही पुरस्कार विदर्भ के किसानों को दिए जाएंगे. जिसमें 1 लाख 11 हजार की नकद राशि और सम्मान पत्र, स्मृतिचिन्ह रहते हैैं. यह जानकारी आज दोपहर आयोजित प्रेसवार्ता में अध्यक्ष भैयासाहब देशमुख ने दी. शिव परिवार के सभी संचालक, पदाधिकारी मौजूद थे.
भैयासाहब ने बताया कि, आगामी 27 दिसंबर को भाऊसाहब देशमुख की जयंती पर होने वाले समारोह में उक्त पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. एक पुरस्कार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा प्राप्त राशि से और दूसरा शरद पवार द्वारा प्राप्त राशि से प्रदान किया जाता है. उन्होंने स्मरण कराया कि, पिछले वर्ष बार्शीटाकली तहसील अंतर्गत शेलू की सुवर्णा अरविंद गावंडे और तेल्हारा तहसील के गोपाल किसन येउल को उक्त पुरस्कार प्रदान किए गए थे. अध्यक्ष देशमुख ने बताया कि, विदर्भ में खेती-किसानी को प्रोत्साहन देने के लिए रखे गए पुरस्कारों में सहभागी होने का आवाहन किया जा रहा है. उन्होंने पुरस्कारों के नियम और योग्यता के बारे में भी विस्तार से बताया. संबंधित आवेदक को अपनी संपूर्ण जानकारी देने के साथ आवेदन संस्था के मोर्शी रोड स्थित श्री शिवाजी कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य के पास अथवा वेबसाइट पर आगामी 30 अक्तूबर तक भेजने के लिए कहा गया है. पुरस्कार समिति तय करेगी. संस्था के उपाध्यक्ष एड. जे. वी. पाटिल उर्फ भैयासाहब पुसदेकर इस समिति के अध्यक्ष होंगे. जिसमें शिवाजी अॅग्री. कॉलेज के लोग कामकाज देखेंगे. आवेदन के साथ विविध प्रमाणपत्र, प्राप्त पुरस्कार, खेती का सातबारा और 8-अ प्रतिज्ञापत्र जोडना आवश्यक है. संस्था के पदाधिकारी एड. जे. वी. पाटिल, सुभाष बनसोड आदि उपस्थित थे.





