100 से अधिक फर्जी खाते, 60 करोड से अधिक का लेन-देन
नाशिक के खरात मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा

* ठगी के मामले में भी ‘मास्टरमाइंड’ है खरात, चलाता था करोड़ों का खेल
नाशिक/दि.21– नाशिक में स्वयंभू बाबा अशोक खरात से जुड़े ठगी और आर्थिक घोटाले के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. जांच एजेंसियों के अनुसार, अशोक खरात ने फर्जी बैंक खातों और क्रेडिट सोसायटी के जरिए बड़े पैमाने पर आर्थिक लेन-देन कर करोड़ों रुपये का जाल खड़ा किया. जांच में सामने आया है कि अशोक खरात ने अलग-अलग लोगों के नाम पर 100 से अधिक बैंक खाते खुलवाए और इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया. कई मामलों में इन खातों पर खुद अशोक खरात ही नियंत्रण रखता था.
पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, इन खातों के माध्यम से करीब 60 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ. आरोप है कि अशोक खरात लोगों को धार्मिक उपाय और चमत्कारी वस्तुओं के नाम पर ठगता था और उनसे बड़ी रकम वसूल करता था. ज्ञात रहे कि, अशोक खरात के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्थिक धोखाधड़ी, अवैध कर्ज और जमीन हड़पने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने भी उस पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और विशेष जांच दल (एसआईटी) दोनों स्तर पर जांच जारी है. कई ठिकानों पर छापेमारी भी की गई है और संदिग्ध संपत्तियों व खातों की जांच की जा रही है. इस पूरे प्रकरण में आर्थिक घोटाले के साथ-साथ महिलाओं के शोषण के भी आरोप सामने आए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं.





