परतवाड़ा यौन शोषण मामला

नवनीत राणा पर पोक्सो के तहत कार्रवाई की मांग

* अफवाह फैलाने का आरोप – प्यारे खान
अमरावती/दि.17 – राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने पूर्व सांसद नवनीत राणा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ पोक्सो कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है. प्यारे खान ने आरोप लगाया कि नवनीत राणा ने पीड़ित नाबालिग लड़कियों की पहचान सार्वजनिक कर कानून का उल्लंघन किया है, जो एक गंभीर अपराध है. उन्होंने कहा कि इस मामले में 180 हिंदू लड़कियों के शोषण की अफवाह फैलाकर समाज में तनाव और दंगा भड़काने का प्रयास किया जा रहा है.
* अफवाहों से माहौल बिगाड़ने की कोशिश
प्यारे खान के अनुसार, वास्तविकता में इस प्रकरण में कुल 8 पीड़ित लड़कियां हैं और सभी मुस्लिम समुदाय से संबंधित हैं. इनमें चार परतवाड़ा, तीन अमरावती और एक नागपुर की रहने वाली बताई गई हैं. उन्होंने कहा कि 180 लड़कियों के शोषण का दावा पूरी तरह भ्रामक है और समाज में भय व विभाजन पैदा करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है.
* राणा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया
नवनीत राणा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि एक महिला नेता के रूप में इस तरह के गैरजिम्मेदार बयान देना उचित नहीं है. इससे समाज में गलत संदेश जाता है और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है.
* पीड़ितों की पहचान उजागर करना गंभीर अपराध
प्यारे खान ने कहा कि किसी भी नाबालिग पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करना पोक्सो कानून के तहत दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
* पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में अफवाह फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, चाहे वह किसी भी दल या पद से जुड़ा हो. साथ ही पीड़ितों की गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया.

Back to top button