अवैध शराब बिक्री और हथियार रखने वाला धरा गया

फ्रेजरपुरा पुलिस की कार्रवाई

अमरावती /दि.9- शहर में अवैध धंधों पर अंकुश लगाने के लिए फ्रेजरपुरा पुलिस ने अवैध देशी शराब बेचने और धारदार हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. 8 अक्टूबर को की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देशी शराब के 190 पैकेट और एक धारदार चाकू जब्त किया.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों, अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों तथा हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. इसी के तहत फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र राजुलवार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया. पहली कार्रवाई में पुलिस ने मासोद निवासी वैभव सुभाषराव दिवे (40) के पास से 90 एमएल क्षमता वाले ‘बॉबी ऑरेंज’ ब्रांड की देशी शराब के 190 पैकेट बरामद किए. जब्त शराब की कीमत 7,600 रुपये बताई गई है. आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के तहत कार्रवाई की गई.
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मासोद निवासी सचिन महादेवराव गवली (35) के पास से 200 रुपये कीमत का एक पुराना इस्तेमाल किया हुआ धारदार चाकू जब्त किया. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई. यह अभियान पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके तथा फ्रेजरपुरा संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में थानेदार रवींद्र राजुलवार, पुलिस उपनिरीक्षक राहुल महाजन और वैभव कालपांडे सहित जवान रज्जाक शेखुवाले, सचिन बोरकर, सूरज यादव, रोशन वराडे, धर्मा शिंदे, जयेश पारीवाले, प्रशांत वानखड़े, सागर चव्हाण, अखिल दलवी, जावेद पटेल और अमोल राठौड़ ने चलाया.

Back to top button