लालखड़ी चौक में तलवार लेकर घूम रहे युवक को दबोचा
नागपुरी गेट पुलिस के डीबी स्क्वाड की कार्रवाई

अमरावती/दि.9 – शहर के नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के डीबी स्क्वाड ने लालखड़ी चौक परिसर में तलवार लेकर घूम रहे एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से तलवार और 500 रुपये जब्त किए हैं. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक 8 अक्टूबर को डीबी स्क्वाड के प्रमुख दिनेश नांदे पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें गोपनीय सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपराध करने की नीयत से हाथ में तलवार लेकर लालखड़ी चौक के आसपास घूम रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से तलवार बरामद हुई. पुलिस ने जब्ती पंचनामा तैयार कर तलवार और 500 रुपये जब्त कर लिए. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम कमेला ग्राऊंड निवासी शेख इमरान शेख कासम (35) बताया. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, तथा गाडगेनगर विभाग के पुलिस अधिकारी निलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में थानेदार मनोहर कोटनाके, डीबी प्रभारी विकास मनपिया, डीबी दल प्रमुख तथा पुलिस हेड कांस्टेबल मलिक अहमद, दिनेश नांदे, सतीश देशमुख, दानिश शेख, राहुल रोडे, सागर पंडित, विक्रम नशीबकर, कुणाल बारडे और आसिफ शेख शामिल थे.





