डेढ करोड रुपए में बेचने की थी तैयारी
टीईटी पेपर लीक प्रकरण

* तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
ठाणे/दि.27- महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में भिवंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से रविवार को होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र की चार अलग-अलग प्रतियां बरामद की गई हैं. इस घटना के बाद राज्य सरकार ने रविवार को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा स्थगित कर दी है.
भिवंडी पुलिस ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी प्रश्नपत्र को करीब डेढ़ करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी कर रहे थे और इसके लिए अग्रिम राशि की भी मांग की गई थी. पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को रंगेहाथों पकड़ लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डीसीपी पवन बनसोड के नेतृत्व में 20 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है. टीम में दो एसीपी, नौ पीआई-एपीआई सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं. जांच के लिए विभिन्न स्थानों पर टीमें भेजी गई हैं ताकि पूरे पेपर लीक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
* मुख्य आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है. गिरफ्तार तीन आरोपियों में एक हरियाणा और दो बिहार के रहने वाले हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों दिल्ली से महाराष्ट्र आए थे. उन्हें प्रश्नपत्र कहां से मिला और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया गया, इसकी जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजीव श्रीप्रयाग शाव (45), आकाश कुमार स्वराज कुमार (30) और धीरज बलराज सिंह (28) है.
* 2-3 दिन में नई परीक्षा तिथि घोषित होगी
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की उप आयुक्त प्रिया शिंदे ने बताया कि पेपर लीक के कारण टीईटी परीक्षा स्थगित की गई है. नई परीक्षा तिथि अगले दो से तीन दिनों में घोषित की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि करीब 6.12 लाख अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. साथ ही, पेपर लीक में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. नई परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया में लगभग तीन सप्ताह का समय लगेगा.





