’अगर आज मैं जंतर-मंतर पर नजर नहीं आया तो माफ कर दीजिए’

आंदोलनकारियों से अभिजीत दिपके की भावुक अपील

दिल्ली/दि,23- यहां जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके की तबीयत बिगड़ गई है. पिछले कई दिनों से तेज बुखार और शरीर दर्द से जूझ रहे दिपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से आंदोलनकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि वह गुरुवार को जंतर-मंतर पर दिखाई नहीं दें तो उन्हें माफ कर दिया जाए.
दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें तेज बुखार और बदन दर्द की शिकायत है. अब तक वह दर्द निवारक दवाइयों के सहारे आंदोलन में सक्रिय रहे, लेकिन पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए उन्हें कुछ घंटों के आराम की आवश्यकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि शाम तक वह फिर से प्रदर्शन स्थल पर लौटने का प्रयास करेंगे.
* 20 जून से लगातार आंदोलन में सक्रिय
जानकारी के अनुसार, 20 जून को अमेरिका से दिल्ली लौटने के बाद से अभिजीत दिपके लगातार जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. आंदोलन की व्यवस्थाएं, नेताओं से मुलाकात, भीड़ प्रबंधन और लगातार व्यस्तता के कारण उन्हें पर्याप्त आराम नहीं मिल सका, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई.
* इंटरनेट सेवा बंद करने का आरोप
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि जंतर-मंतर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं. पार्टी का कहना है कि प्रशासन आंदोलनकारियों के खिलाफ किसी बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. हालांकि, इंटरनेट सेवा बंद किए जाने के इन आरोपों पर अभी तक सरकार या दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
* पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों से की अपील
इससे पहले अभिजीत दिपके ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों से शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की थी. उन्होंने कहा कि अहिंसक तरीके से प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए. दिपके ने दोहराया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा.

Back to top button