पॉलिटेक्निक और आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया में हो सकती है देरी
विद्यार्थियों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता

मुंबई/दि.15- राज्य में 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जहां 11वीं प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, वहीं पॉलिटेक्निक डिप्लोमा और आईटीआई पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है.
तकनीकी शिक्षा संचालनालय तथा व्यवसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय की ओर से अब तक प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस वर्ष पॉलिटेक्निक और आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया में देरी हो सकती है.
* पिछले वर्ष समय पर शुरू हुई थी प्रक्रिया
पिछले वर्ष 2025 में 10वीं का परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद आईटीआई प्रवेश के लिए 15 मई से पंजीयन प्रक्रिया शुरू की गई थी. वहीं पॉलिटेक्निक डिप्लोमा कोर्स के लिए 20 मई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हुआ था. लेकिन इस वर्ष दोनों ही प्रवेश प्रक्रियाओं में तकनीकी कारणों से विलंब की आशंका जताई जा रही है.
*नई एजेंसी नियुक्ति से बढ़ी देरी
जानकारी के अनुसार तकनीकी शिक्षा संचालनालय का प्रवेश प्रक्रिया संचालित करने वाली एजेंसी के साथ अनुबंध समाप्त हो चुका है और नई एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया जारी है. इसी कारण पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हुई है. वहीं कौशल, रोजगार, उद्योजकता एवं नवोन्मेष विभाग ने आईटीआई प्रवेश के लिए निजी संस्था की बजाय कौशल शिक्षा मंडल के माध्यम से नई वेबसाइट विकसित करने का निर्णय लिया है. इसके लिए राज्य सरकार ने 1 करोड़ 87 लाख 20 हजार रुपये मंजूर किए हैं और वेबसाइट निर्माण का कार्य जारी है.
विद्यार्थियों के सामने विकल्प चुनने की चुनौती
आमतौर पर हर वर्ष 11वीं, आईटीआई और पॉलिटेक्निक की प्रवेश प्रक्रियाएं लगभग एक साथ शुरू होती हैं, जिससे विद्यार्थियों को विकल्प चुनने में सुविधा मिलती है. लेकिन यदि इस बार देरी होती है, तो विद्यार्थियों को करियर विकल्प तय करने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि व्यवसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह के भीतर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है और अनावश्यक देरी नहीं होगी.
* लगातार बढ़ रही विद्यार्थियों की संख्या
पिछले कुछ वर्षों में जागरूकता अभियान और समयबद्ध प्रवेश प्रक्रिया के कारण डिप्लोमा तथा आईटीआई पाठ्यक्रमों की मांग लगातार बढ़ रही है.
– वर्ष 2025 में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 1 लाख 7 हजार 910 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया.
– वर्ष 2024 में यह संख्या 95 हजार 511 थी.
– वर्ष 2023 में 86 हजार 465 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था.
– इसी प्रकार आईटीआई पाठ्यक्रमों में भी रोजगारपरक नए कोर्स शुरू होने से विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है.
– वर्ष 2025 में आईटीआई में 1 लाख 30 हजार 725 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया.
– वर्ष 2024-25 में यह संख्या 1 लाख 26 हजार 376 रही थी. शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रवेश प्रक्रिया में अधिक देरी हुई, तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों की योजना और प्रवेश प्रक्रिया पर पड़ सकता है.





