अधूरे राष्ट्रीय महामार्ग पर टोल वसूली का विरोध

20 किमी दायरे के स्थानीय नागरिकों को टोलमुक्त करने की मांग

चांदूरबाजार/दि.10– चांदूरबाजार-परतवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हैदतपुर वडाला टोल प्लाजा शुरू होने के बाद स्थानीय नागरिकों से टोल वसूली किए जाने का लोक विकास संगठन ने कड़ा विरोध किया है. संगठन ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण और पुलों का कार्य पूरी तरह पूरा होने तक टोल वसूली बंद रखी जाए तथा टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी स्थानीय नागरिकों को स्थायी रूप से टोलमुक्त किया जाए.
लोक विकास संगठन के संस्थापक अध्यक्ष गोपाल मधुकर भालेराव ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को सौंपे ज्ञापन में कहा कि चांदूरबाजार तहसील के हजारों किसान, मजदूर, व्यापारी, विद्यार्थी, कर्मचारी और मरीज प्रतिदिन इसी मार्ग से चांदूरबाजार, परतवाड़ा और अमरावती की यात्रा करते हैं. वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को इसी सड़क का उपयोग करना पड़ता है. ऐसे में उन पर टोल का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना अन्यायपूर्ण और जनविरोधी निर्णय है. ज्ञापन में कहा गया है कि संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य अभी भी कई स्थानों पर अधूरा है. अनेक पुलों का निर्माण लंबित है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है. सड़क पर धूल, गड्ढे, जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है. ऐसी स्थिति में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना टोल वसूली करना टोल व्यवस्था के मूल उद्देश्य के विपरीत है.
* संगठन ने मांग की है कि राजमार्ग और सभी पुलों के
निर्माण पूरा होने तक टोल वसूली शुरू न की जाए. साथ ही टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य स्थानीय नागरिकों को स्थायी रूप से टोलमुक्त किया जाए. लोक विकास संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पूरे तहसील में जनजागरण अभियान चलाकर जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा. संगठन का कहना है कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और टोल कंपनी की होगी. संगठन ने अधूरी सड़क पर टोल क्यों?, सुविधा नहीं तो टोल नहीं और 20 किलोमीटर के भीतर रहने वाले नागरिकों को टोलमुक्त करो जैसे नारों के साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी व्यक्त किया.

Back to top button